भिलाई में सीबीआई की छापेमारी का जगह जगह विरोध:भिलाई में कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार का जलाया पुतला
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव सहित कई आईपीएस व सिपाहियों के यहां सीबीआई की छापेमारी के बाद कांग्रेस का जगह जगह विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। रायपुर, बिलासपुर के बाद भिलाई में भी कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
भिलाई स्थित घड़ी चौक में गुरुवार शाम 5 बजे कांग्रेस के कार्यकर्ता व पदाधिकारी इकट्ठा हुए। इसके बाद उन्होंने वहां भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मौजूद पुलिस कर्मियों ने पुतला छीनने का प्रयास भी किया, लेकिन असफल रही। काफी संख्या में मौजूद कांग्रेसियों ने पुतला को जलाने के बाद लात घूंसों से मारा और नारेबाजी करते रहे।








शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार है। इसके बाद भी वो महादेव सट्टा के संचालक सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगियों गिरफ्तार कर भारत लाने की जगह उल्टा कांग्रेस के नेताओं के यहां सीबीआई और ईडी की छापेमारी करवा रही है।
डबल इंजन की सरकार ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल विपक्ष को दबाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव जैसे नेताओं पर जांच एजेंसियों के जरिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इन कार्रवाइयों से डरने वाले नहीं हैं।
दुर्ग-भिलाई में 14 अलग-अलग ठिकानों में सीबीआई ने की छापेमारी




बतादें कि 26 मार्च को CBI की अलग-अलग टीमों ने दुर्ग-भिलाई में 14 अलग-अलग ठिकानों में छापेमारी की थी। इसमें विधायक, बिजनेसमैन से लेकर पुलिस के अधिकारी तक शामिल हैं। CBI की टीम जब रात में 9-10 बजे के बीच कार्रवाई खत्म करने के बाद वापस लौटी तो पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा CBI की ये कार्रवाई पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है।
इन लोगों के यहा हुई सीबीआई की रेड
- भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री पाटन विधायक
- देवेंद्र यादव, भिलाई नगर विधायक
- अभिषेक पल्लव, पूर्व एसपी दुर्ग
- आशीष छाबड़ा, आईपीएस
- अमित दुबे, सिपाही दुर्ग पुलिस
- मनीष बंछोर, पूर्व ओएसडी भूपेश बघेल
- आशीष बंछोर, पूर्व ओएसडी, भूपेश बघेल
- संजय ध्रुव, एएसपी
- सहदेव, सिपाही दुर्ग पुलिस
- अर्जुन, सिपाही दुर्ग पुलिस
- प्रशांत त्रिपाठी, बिजनेसमैन
- सौम्या चौरसिया, पूर्व ओएसडी भूपेश बघेल
- एएसआई बहादुर, दुर्ग पुलिस एसीसीयू
- एएसआई संम्मित मिश्रा, दुर्ग पुलिस




