भिलाई नगर निगम के वार्ड 42 में पीलिया का संक्रमण 9 मरीजों की पुष्टि:22 लोगों में दिख रहे लक्षण, दूषित पेयजल की वजह से फैल रही बीमारी
By Dinesh chourasiya
भिलाई नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गौतम नगर क्षेत्र में पीलिया फैला हुआ है। यहां अब तक पीलिया से ग्रसिहत 9 मरीज मिल चुके हैं, वहीं 22 लोगों में इसके लक्षण दिख रहे हैं। सभी की जांच की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पीलिया होने या ना होने की पुष्टि होगी।
तेजी से हो रहे पीलिया के संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और निगम की टीम वार्ड में सर्वे और घर घर जांच करने का काम कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के सर्वेक्षण में पाया गया कि दूषित पेयजल की वजह से यह बीमारी वार्ड में फैल रही है। संक्रमण की स्थिति यह है कि एक एक घर से तीन तीन लोगों को पीलिया होने की पुष्टि हुई है। इसमे से एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।







वार्ड 42 गौतम नगर में यह पहला मामला नहीं है, जब यहां जलजनित बीमारियों का संक्रमण फैला है। यहां के पार्षद विनोद सिंह की माने तो यहां इससे पहले डायरिया का संक्रमण हो चुका है। इसमें कई लोग बीमार हुए थे और कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक बार फिर दूषित पानी की समस्या के कारण यहां पीलिया का संक्रमण देखने को मिल रहा है।
स्थानीय निवासियों का भी यही कहना है कि नल के माध्यम से आने वाला पानी अशुद्ध और दूषित है। इसे पीने से ही लोग बीमारी का शिकार हो रहे हैं। पार्षद विनोद सिंह ने मामले की शिकायत निगम आयुक्त और कलेक्टर से की। इसके बाद यहां सीएमएचओ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम और निगम के स्वास्थ्य अमले को यहां सर्वे के लिए भेजा है।

हर दिन बढ़ रही मरीजों की संख्या




गौतम नगर में पीलिया संक्रमित मरीजों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। यहां अधिक गंभीर होने के चलते एक मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। शेष संक्रमितों का इलाज घर पर ही किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द पाइपलाइन बदलने की मांग की है, जिससे दूषित पानी की समस्या खत्म हो सके।
लिया गया पानी का सैंपल
निगम की टीम ने कई घरों में होने वाले सप्लाई के पानी का सैंपल लिया है। उसे टेस्ट के लिए निगम के लैब में भेजा गया है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि यदि पाइपलाइन से आने वाला पानी दूषित पाया जाता है, तो इसे ठीक किया जाएगा।
कैमिकल युक्त पानी पीने को लोग मजबूर
वार्ड पार्षद विनोद सिंह ने आरोप लगाया है कि पीलिया फैलने का मुख्य कारण कैमिकल युक्त पानी है। उन्होंने बताया कि गौतम नगर में पानी की पाइपलाइन जिस नाली के बीच से गुजर रही है उसमें कैमिकल युक्त गंदा पानी बहता है। उन्होने बताया कि इस क्षेत्र में 200 मीटर की दूरी पर एक फैक्ट्री है। वहां कैमिकल को भूस्रोत में छोड़ने के साथ ही नाली में बहा दिया जाता है।
इसके कारण जल स्रोत प्रदूषित हो रहा है। विनोद सिंह ने कहा कि जब तक यह फैक्ट्री हटाई नहीं जाती, तब तक जल प्रदूषण की समस्या बनी रहेगी। उन्होंने जल्द ही फैक्ट्री हटाने की मांग की और कहा कि यदि ये फैक्ट्री नहीं हटती है तो वो इसके विरोध में धरना-प्रदर्शन करेंगे।





