Uncategorized

रायपुर में बीच सड़क कांग्रेस नेता ने काटा केक 20 मिनट तक आतिशबाजी से लोग हुए परेशान; SSP ने कांग्रेस नेता समेत 10 को लिया हिरासत में

By Dinesh chourasiya

रायपुर में यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष के जन्मदिन पर बीच सड़क जमकर बवाल हुआ। नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के समर्थकों ने रविवार रात करीब 20 मिनट तक आतिशबाजी की और फिर हंगामे के बीच केक भी काटा। इस बीच लोग परेशान होते रहे। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक पहले जयस्तंभ चौक पर केक काट रहे थे, जहां से पुरानी बस्ती CSP अमन झा ने उन्हें चेतावनी देकर भगाया। इसके बाद यूथ कांग्रेस नेता भक्कू अपने समर्थकों के साथ सुंदर नगर चौक पर चले गए। यहां से SSP लाल उमेद ने जिला अध्यक्ष समेत 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, रविवार रात 12 बजे जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप समेत 10 कांग्रेस कार्यकर्ता सुंदर नगर चौक बीच सड़क आतिशबाजी कर केक काट रहे थे। इस दौरान आसपास के लोगों ने डायल 112 को कॉल कर मामले की शिकायत की, लेकिन वहां डायल 112 की टीम नहीं पहुंची।

इस दौरान SSP लाल उमेद गश्त पर निकले थे। उन्होंने आतिशबाजी और शोर-शराबे को देखकर तत्काल अपनी गाड़ी रोकी। जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप समेत सभी से पूछताछ की। सभी आरोपियों को फटकार लगाई। साथ ही सभी को मौके से अरेस्ट किया।

SSP लाल उमेद ने बीच सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेट करते जिला अध्यक्ष समेत 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

बड़ा सा केक लेकर बीच सड़क पर काटते दिखे कांग्रेसी

वायरल वीडियो में दिख रह है कि कांग्रेसी एक बड़ा सा केक लेकर बीच सड़क पर काट रहे हैं। साथ ही जमकर आतिशबाजी कर रहे हैं। उनके साथ मौजूद अन्य लोग शोर-शराबा भी कर रहे हैं। इस दौरान सड़क से आने-जाने वालों को परेशानी हुई।

2 हफ्ते पहले बीच सड़क केक काटने पर हाईकोर्ट से सरकार को फटकार

वहीं 2 सप्ताह पहले रायपुर में मुंबई-कोलकाता नेशनल हाइवे पर बीच सड़क केक काटने के केस में हाईकोर्ट ने सरकार को फटकार लगाई थी। साथ ही 300 रुपए की चालानी कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की थी। कोर्ट ने कहा था कि अगर कोई आम आदमी ऐसा करता तो उसे गुंडा-बदमाश बताकर जेल में डाल देते।

कोर्ट ने ट्रैफिक पुलिस को तत्काल निलंबित करने को कहा

हाईकोर्ट ने ये भी कहा था कि इस तरह की कार्रवाई करने वाले ट्रैफिक पुलिस के अफसर को तत्काल निलंबित करिए। साथ ही मामले में राज्य सरकार को शपथ-पत्र के साथ जवाब देने कहा गया था, जिसके बाद बीच सड़क पर केक काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Back to top button