Uncategorized

रायपुर में 3 नाइजीरियन स्टूडेंट्स ने करोड़ों ठगे:पैसे देश के बाहर भेजे, किसी दूसरे के अकाउंट से लेनदेन करते थे; 8 महिला समेत 62 आरोपी को पुलिस ने दबोचा

By Dinesh chourasiya

साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए रायपुर रेंज में साइबर शील्ड ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसके तहत एक बड़ी कामयाबी पुलिस को मिली है। 3 नाइजीरियन स्टूडेंट करोड़ों की ठगी के आरोपी निकले। ये तीनों रायपुर की ही निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं।

इन तीनों विदेशी छात्रों ने ठगी के पैसे भी देश से बाहर भेजे। पुलिस ने साइबर फ्रॉड के अलग-अलग मामलों में 8 महिलाओं समेत 62 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। IG अमरेश मिश्रा ऑपरेशन शील्ड चला रहे हैं। IG ने  बताया कि इस बार म्यूल बैंक अकाउंट की जांच के बाद एक्शन लिया गया है।

अकाउंट मालिक को मंथली या कमीशन बेसिस पर रुपए

मिश्रा ने बताया- हमें जानकारी मिली थी कि इनमें से ज्यादातर अकाउंट दूसरे लोग साइबर ठगी के पैसों के लेनदेन के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बदले वे लोग अकाउंट मालिक को मंथली या कमीशन बेसिस पर पैसे दिया करते थे। पुलिस ने इन आरोपियों की लोकेशन और टेक्निकल इनपुट के आधार पर धरपकड़ शुरू की।

पुलिस जांच में रायपुर के एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे 3 विदेशी नाइजीरियन स्टूडेंट भी ठग निकले। IG के मुताबिक, इन्होंने ठगी के रुपए विदेशों में भी भेजे थे। पुलिस ने बशीर सुलेमान, अमीनू गरबा, अब्दुल अजीज को हॉस्टल से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने दूसरे राज्यों से भी गिरफ्तारी की है।

रायपुर के एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे 3 विदेशी नाइजीरियन स्टूडेंट ठग निकले। इन्होंने ठगी के पैसे विदेशों में भी भेजे थे।

अलग-अलग मामलों में अलग-अलग भूमिका निभाने वाले राजस्थान, ओडिशा समेत छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव और महासमुंद से भी आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में ऐसे कई लोगों से पूछताछ की जा रही है, जिन्होंने ठगों को कमीशन बेसिस पर अपने खाते उपलब्ध करवाए थे।

साइबर फ्रॉड के अलग-अलग मामलों में 8 महिलाओं समेत 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

देशभर के थानों में इनसे जुड़े 1435 केस दर्ज

इन आरोपियों ने बैंक अकाउंट खुलवाने, फर्जी शेयर ट्रेडिंग, क्रिप्टो करेंसी में इन्वेस्ट, गूगल रिव्यू टास्क, टेलीग्राम टास्क, बैंक KYC के बहाने लोगों से ठगी की। जिसकी 1435 शिकायतें अलग-अलग राज्यों की पुलिस के पास पहुंची।

इस मामले में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की 20 टीमें बनाकर पुलिस ने कई अलग-अलग ठिकानों पर रेड मारी। पुलिस ने आरोपियों के खाते में करीब 2 करोड़ रुपए होल्ड कराए हैं। आरोपियों ने करीब 85 करोड रुपए ठगी की।

पुलिस ने 8 महिलाओं समेत 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

रायपुर के 7 केस भी खुले…

  1. केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय साइबर अपराध केंद्र के पोर्टल में शिकायत पहुंची। इसमें उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में खुले कई म्यूल अकाउंट ऐसे थे, जिसमें अलग-अलग राज्यों से ठगी की रकम पहुंची थी। इस मामले में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया। इसमें 47 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
  2. उमाकांत वर्मा ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसमें उन्होंने बताया कि गूगल रिव्यू टास्क के बहाने उनसे 50 लाख रुपए की ठगी की गई। इसमें 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
  3. विधानसभा थाने में अतुल अग्रवाल ने शिकायत दी। उन्होंने बताया कि शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के बहाने 19 लाख रुपए की ठगी की गई। इसमें 5 आरोपी गिरफ्तार हुए।
  4. पूजा साहू ने आजाद चौक थाने में शिकायत दी। इसमें डीएड एडमिशन फॉर्म फीस के नाम से 48 हजार रुपए वसूल किए। 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
  5. एमवीएसएस लक्ष्मी ने पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। क्राइम ब्रांच मुंबई का पुलिस वाला बताकर डिजिटल अरेस्ट किया। उसने 24 घंटे वॉट्सएप वीडियो कॉल में जुड़े रहने बोलकर 58 लाख रुपए वसूल कर लिए। इस मामले की जांच करते हुए रेंज साइबर थाना रायपुर ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
  6. इसी तरह जितेंद्र साहू ने शेयर ट्रेडिंग के बहाने साढ़े 8 लाख रुपए वसूल लिए गए। उसने टिकरापारा में शिकायत दी, जिसमें 3 आरोपी गिरफ्तार हुए।
  7. डॉक्टर अविनाश ढोले से क्रिप्टोकरंसी में इन्वेस्ट कर मुनाफा के बहाने ढाई लाख रुपए वसूल कर लिए गए। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है।

Related Articles

Back to top button