CG में नक्सलियों ने बीजेपी नेता को किडनैप कर मार-डाला:देर रात घर से उठा ले गए, घोंट दिया गला; बीजापुर में 7 दिन में 5वां मर्डर
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले नक्सलियों ने मंगलवार देर रात बीजेपी नेता की हत्या कर दी। मांडो राम कुड़ियाम को घर से उठाकर जंगल ले गए और गला घोंट कर मार डाला। नक्सलियों ने मुखबिरी का आरोप लगाया है। सप्ताहभर के अंदर 3 भाजपा नेता, आंगनबाड़ी सहायिका और ग्रामीण महिला समेत 5 लोगों को नक्सलियों ने मारा है।







कुटरु थाना के सोमनपल्ली गांव के रहने वाले मांडो राम भाजपा से जुड़े थे। मंगलवार की रात सादे कपड़े में नक्सली इनके घर पहुंचे। परिवार वालों के सामने ही घर से उठाया। फिर पास में ही जंगल की तरफ लेकर गए थे।

मौके पर फेंका पर्चा
हत्या के बाद शव को गांव के पास लाकर फेंक दिया। मौके पर पर्चा भी मिला है। नक्सलियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में लिखा है कि ये पुलिस के लिए काम कर रहा था, समझाइश दी लेकिन नहीं माना, इसलिए मौत की सजा दी गई। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। शव को बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।




इससे पहले 4 लोगों को मारा
बता दें कि, नक्सलियों ने इससे पहले भाजपा के कार्यकर्ता और 2 पूर्व सरपंचों की हत्या की। फिर आंगनबाड़ी सहायिका को उसके बेटे के सामने ही मार डाला। एक गांव से दंपती को किडनैप कर ले गए थे। पति की बेदम पिटाई की और उसकी पत्नी की हत्या कर दी। वहीं, अब पांचवी हत्या कर दी है।
……………………….




