
CG में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सड़क हादसे का शिकार हाईवा से बचने फॉलो गाड़ी ने लगाया ब्रेक, काफिले की 4 गाड़ियां आपस में टकराई
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकासमंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सड़क हादसे का शिकार हो गई। रविवार को बलरामपुर जिले के राजपुर में हादसा हुआ। दरअसल, NH-343 पर हाईवा से बचने फॉलो वाहन के चालक ने ब्रेक लगाया था इस दौरान काफिले की 4 गाड़ियां आपस में टकरा गई।
हादसे में मंत्री राजवाड़े की कार भी काफिले की ही एक कार से टकरा गई। हालांकि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पूरी तरह सुरक्षित हैं। वह दूसरे वाहन से रवाना भी हो गईं। 2 दिन पहले ही मंत्री रामविचार नेताम भी सड़क हादसे में घायल हुए थे। उनका इलाज रायपुर के अस्पताल में चल रहा है।








मैच के समापन समारोह में शामिल होने जा रहीं थीं
जानकारी के मुताबिक, रविवार को कुसमी में आयोजित फुटबाल मैच के समापन समारोह में शामिल होने लक्ष्मी राजवाड़े जा रहीं थीं। अंबिकापुर से मंत्री के वाहनों का काफिला करीब 3 बजे राजपुर के पास पहुंचा। काफिले के एक वाहन चालक ने हाइवा से बचने के लिए ब्रेक लगाया।
मंत्री ने कहा- सभी सुरक्षित




हादसे के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि हम सब सुरक्षित हैं। छोटा सा हादसा हुआ। जब घटना हुई, मुझे झपकी आ गई थी। ईश्वर की कृपा से किसी को चोट नहीं आई है। वहीं, चालक ने बताया कि, हाइवा वाहन चालक की लापरवाही की वजह से हादसा हुआ। काफिले के एक वाहन की स्पीड कम होने पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही काफिले की चार वाहन आपस में टकरा गए।

राजपुर अस्पताल में जांच के बाद हुईं रवाना
हादसे के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को राजपुर के अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने लक्ष्मी राजवाड़े की जांच की। इसके बाद दूसरे वाहन से कुसमी के लिए रवाना हो गईं। लक्ष्मी राजवाड़े बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री भी हैं। राजपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 दिन पहले ही हुआ है मंत्री राम विचार नेताम का एक्सीडेंट
छत्तीसगढ़ सरकार के कृषि मंत्री रामविचार नेताम शुक्रवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। वे कवर्धा-बेमेतरा के रास्ते से रायपुर लौट रहे थे। तभी हाईवे में उनकी कार पिकअप से टकरा गई। मंत्री की गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है उनके सिर पर चोट आई है और बाएं हाथ में फ्रैक्चर है।
हादसा रायपुर-बेमेतरा मार्ग पर जेवरा गांव के पास हुआ। गंभीर हालत में मंत्री राम विचार नेताम को रायपुर लाया गया है। उन्हें पचपेड़ी नाका स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई मंत्रियों ने अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना।




