Uncategorized

छत्तीसगढ़ के सुकमा में मुठभेड़ में 10 नक्सली मारे गए:सभी शव और 3 ऑटोमैटिक हथियार बरामद; जनवरी से अब तक 207 नक्सली ढेर

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। जवानों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया। मौके से 3 ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। वहीं, अभी दोनों ओर से जंगल में रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। मामला भेज्जी थाना क्षेत्र का है। 1 जनवरी से 22 नवंबर तक 207 नक्सली मारे गए हैं। ​

बस्तर IG सुंददराज पी ने कहा कि इस मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मौके से AK-47, इंसास, और SLR समेत अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। भेज्जी के दंतेसपुरम, कोराजुगुड़ा, नागाराम के जंगल में DRF और CRPF की कोंटा और किस्टाराम एरिया कमेटी के नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई है। सुकमा के SP किरण चव्हाण ने कहा है कि यह बड़ी सफलता है। जवान मौके पर ही हैं। लौटेंगे तो ज्यादा जानकारी मिलेगी।

ओडिशा के रास्ते CG में घुसे थे नक्सली

सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि भेज्जी के जंगल में नक्सलियों का जमावड़ा है। इसके बाद जवानों को रवाना किया गया, जहां नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। एक दिन पहले ही भारी संख्या में नक्सली ओडिशा के रास्ते CG बॉर्डर में घुसे थे। इस दौरान ओडिशा पुलिस के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। इसमें एक नक्सली मारा गया था, वहीं एक जवान घायल हुआ था। इसके बाद छत्तीसगढ़ फोर्स अलर्ट पर थी।

गरियाबंद में जवानों ने बड़ी संख्या में नक्सल सामग्री जब्त किया था।

ओडिशा से सटे गरियाबंद में गुरुवार को हुई थी मुठभेड़

ओडिशा और गरियाबंद से सटे उदंती अभ्यारण्य जंगल में गुरुवार को भी पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई थी। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर गरियाबंद पुलिस ने संयुक्त सर्चिंग ऑपरेशन लॉन्च किया। इस ऑपरेशन में गरियाबंद DRG, कोबरा 207 बटालियन, ओडिशा SOG, सीआरपीएफ 211 और 65 बटालियन के लगभग 200 जवान शामिल थे।

अमाड़ के जंगलों में पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मुहतोड़ जवाब दिया। दबाव बनते देख नक्सली भाग खड़े हुए। नक्सलियों के ठिकाने से पुलिस ने एक सिंगल शॉट राइफल,नक्सली साहित्य,भारी मात्रा में गरम कपड़े और दैनिक उपयोग के सामान जब्त किया है।

Related Articles

Back to top button