CG में जादू-टोना के शक में काटा महिला का गला दिवाली की रात कुल्हाड़ी मारकर की हत्या
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दीपावली की रात जादू-टोना के शक में गांव के ही युवक ने महिला का गला काट दिया। बताया जा रहा है कि महिला घर में सो रही थी, तभी आरोपी ने कुल्हाड़ी से कई वार किए। मामला सामरी थाना क्षेत्र के इदरीपाट गांव का है।
जानकारी के मुताबिक मृत महिला का नाम फुलची नगेशिया (55) है। वह रात में खाना खाकर 4 साल की पोती संगीता के साथ घर के कमरे में सोई थी। कमरे में दरवाजा नहीं था, जिससे युवक घुस गया और वारदात को अंजाम दिया। बच्ची पर भी खून के छींटे पड़े हैं।








महिला का कटा हुआ मिला गला
शनिवार सुबह बेटे बुतरू नगेसिया ने मां को खून से लथपथ देखा। फुलची नगेशिया का गला आधा कटा हुआ था। उसने तत्काल सामरी पुलिस को सूचना दी। दादी के साथ सो रही पोती संगीता भी हत्या को लेकर कुछ नहीं बता सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव के युवक ने की थी हत्या




पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि पास में रहने वाला युवक बजरू नगेसिया (27) 3-4 साल से फुलची नगेशिया पर जादू-टोना करने का शक करता था। आरोपी ने पहले भी महिला को जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने बजरू नगेशिया को हिरासत में लिया। इस दौरान पूछताछ में बजरू नगेशिया ने बताया कि वह दीपावली की रात वह बुतरू के घर गया था। कमरे में रखे हुए कुल्हाड़ी से फुलची नगेशिया पर वार किया और भाग गया।
पत्नी और परिवार पर जादू-टोना करने का शक
सामरी पाट थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बजरू की पत्नी को बच्चा होने के एक माह बाद दूध आना बंद हो गया था। वह देवार (ओझा) के पास गया तो उसने बताया कि उस पर जादू-टोना किया गया है। इसके बाद से बजरू नगेशिया महिला फुलची नगेशिया से रंजिश रखता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
……………………………..




