CG में पुलिसकर्मी की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में बड़ा एक्शन आरोपी कुलदीप के अतिक्रमण पर चल बुलडोजर
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में बुलडोजर कार्रवाई हो रही है। मास्टरमाइंड कुलदीप साहू के पिता और चाचा के करीब 150 डिसमिल जमीन (डेढ़ एकड़) पर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चल रहा है।
बताया जा रहा है कि, रविवार रात को ही 3 टीम तैनात कर दी गई थी। सोमवार सुबह 5 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच अवैध निर्माण को ढहाया जा रहा है।








मकान नहीं तोड़े जाएंगे तीन टीमें पुराना बस स्टैंड स्थित गोदाम, रिंग रोड में दो गोदाम और नए बनाए जा रहे दुकानों को तोड़ रही है। इसके अलावा चार अन्य शासकीय भूमि से भी अवैध कब्जा हटाया जा रहा है, जिस पर कुलदीप साहू, उसके पिता अशोक साहू और चाचा संजय साहू का कब्जा है। बुलडोजर कार्रवाई में अभी मकान नहीं तोड़े गए हैं।
सूरजपुर तहसीलदार समीर शर्मा ने कहा कि मुख्य आरोपी के तीन और कब्जों को चिन्हित किया गया गया है, जहां बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। कुलदीप साहू के परिवार से संबंधित मकानों को फिलहाल नहीं तोड़ा जाएगा। घर सुरक्षित हैं। अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है।
6 जगहों पर अवैध निर्माण




मुख्य आरोपी कुलदीप साहू के पिता अशोक साहू और चाचा संजय साहू ने सूरजपुर में 6 जगहों पर अवैध निर्माण के लिए नगर पालिका ने 15 अक्टूबर को नोटिस दिया था।
नोटिस में लिखा गया है कि, आपने नगर पालिका से अनुमति लिए बिना भवन निर्माण किया है, जो छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 187 (क) का उल्लंघन है। अपना निर्माण हटा लें। वरना प्रशासन बेदखली की कार्रवाई करने को बाध्य होगा।
इन जगहों पर है जमीन
राजस्व सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कुलदीप साहू के पिता अशोक साहू का पुराना बस स्टैंड के पीछे वार्ड क्रमांक-7 में सवा दो डिसमिल जमीन का पट्टा है, जबकि 60 डिसमिल जमीन में मकान और अवैध निर्माण किया गया है।
कुलदीप साहू के रिंग रोड मानपुर में 37 डिसमिल, मानपुर मोहल्ले में 25 डिसमिल, वार्ड क्रमांक कब्रिस्तान मोहल्ला में 25 डिसमिल और ग्राम तिलसिवां में 25 डिसमिल भूमि है, जहां बुलडोजर चलाने नोटिस चस्पा किया गया है।
चाचा के मकान पर भी नोटिस चस्पा
वहीं, नगर पालिका प्रशासन ने वार्ड क्रमांक-7 में अवैध रूप से बने कुलदीप के चाचा संजय साहू के मकान पर भी नोटिस चस्पा कर दिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सभी अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे। बुलडोजर की कार्रवाई का अभी तक कोई विरोध नहीं हुआ है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, 13 अक्टूबर की रात कुलदीप साहू ने 2 साथियों NSUI जिलाध्यक्ष सीके चौधरी और रिंकू सिंह के साथ मिलकर हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी। उनके शवों को आरोपियों ने कार में डालकर 5 किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया था।




