
दुर्ग में मुर्गा चोर की तलाश में जुटी पुलिस : मुर्गा दुकान को टार्गेट करके करता है चोरी, आरोपी सीसीटीवी फुटेज में कैद
By Dinesh chourasiya
दुर्ग पुलिस एक आदतन मुर्गा चोर की तलाश में जुटी है। आरोपी पहले भी मुर्गा दुकान में चोरी कर जेल जा चुका है और जेल से छूटते ही उसने फिर से 9 मुर्गा चोरी किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान कर ली है। जल्द उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
दुर्ग कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि इंदिरा मार्केट दुर्ग स्थित एक मुर्गा दुकान से मुर्गा चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। सुभाष नगर निवासी सलीम खान ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी इंदिरा मार्केट दुर्ग में अजीज पोल्ट्री के नाम से चिकन दुकान है। वह रोज की तरह 23 मई की रात 10 बजे दुकान बंद करके घर चला गया था।







अगले दिन सुबह 8 बजे जब दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि दुकान का शटर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो गल्ले रखे कुछ चिल्हर पैसे और आधार कार्ड गायब था। उसने बताया दुकान बंद करते समय उसकी दुकान में 11 मुर्गे थे, लेकिन जब उसने चेक किया तो वहां मात्र दो ही मुर्गे पाए गए। 9 मुर्गों को चोर अपने साथ ले गया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो आरोपी
कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इस दौरान उन्हें दुकान में दो अज्ञात लड़के दुकान में घुसकर चोरी करते दिखे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपने चेहरे को ढक रखा है।




पहले भी मुर्गा चोरी के आरोप में जा चुका है जेल
आरोपी की पहचान शिवपारा दुर्ग निवासी मनोज ढीमर के रूप में हुई है। वह 2 महीने पहले भी मुर्गा चोरी के आरोप में जेल जा चुका है और कुछ समय पहले ही छूटकर बाहर आया है। चिकन सेंटर संचालक मोहम्मद अनीस ने बताया कि आरोपी पहले भी उसकी दुकान से 12 मुर्गा और मनमोहन सिंग की दुकान से 16 मुर्गा चोरी कर चुका है




