छत्तीसगढ़ में 7 मई को तीसरे चरण का मतदान: दुर्ग में वोटिंग को लेकर तैयारियां तेज, 270 रूट चार्ट, GPS से लैस होंगी गाड़ियां
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण का मतदान 7 मई को होना है। इसको देखते हुए दुर्ग लोकसभा के लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव कार्य संपन्न कराने के लिए 270 रूट चार्ट बनवाए हैं। इस बार जो भी वाहन अधिग्रहीत किए गए हैं, उन्हें जीपीएस से लैस किया गया है।
दुर्ग लोकसभा में तीसरे चरण के मतदान के लिए जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचन कार्य सुगम तरीके से संपन्न हो सके इसके लिए गाड़ियों का अधिकग्रहण परिवहन विभाग ने किया है। वाहनों में उनका रूट चार्ट लगाया जा चुका है। सभी वाहन 6 मई को EVM वितरण के साथ मतदान दल को लेकर अपने तय रुट के अनुसार मतदान केन्द्र तक पहुंचेंगे।







दुर्ग जिले में 270 रुट चार्ट बनाए गए
दुर्ग जिला परिवहन अधिकारी एसएल लकड़ा ने बताया कि दुर्ग जिले में 270 रुट चार्ट बनाए गए हैं। इनमें चलने के लिए छोटे व बड़े सहित कुल 426 वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसमें 270 बड़ी बसें और 156 छोटे वाहन शामिल हैं। परिवहन विभाग ने जितने भी वाहनों का अधिग्रहण किया है, उन सभी में GPS सिस्टम लगाया जा रहा है।
एक जगह पर बैठे-बैठे हो सकेगी मॉनिटरिंग




दुर्ग आरटीओ ने बताया कि GPS सिस्टम लग जाने से सभी वाहनों की मॉनिटिरिंग एक जगह पर बैठकर जिला स्तर पर की जा सकेगी। परिवहन विभाग और राज्य स्तर पर परिवहन आयुक्त भी उनकी मॉनिटरिंग राजधानी में बैठकर कर सकेंगे। सभी सभी वाहनों का अधिग्रहण 4 मई से लेकर 7 मई तक 4 दिनों के लिए किया गया है।




