Uncategorized

भिलाई के छावनी चौक में धरने पर बैठे शंकराचार्य:अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बोले- अयोध्या में भगवान राम आ गए हैं तो गौहत्या भी रुकनी चाहिए

By Dinesh chourasiya

धरना प्रदर्शन में बैठे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती। - Dainik Bhaskar

भिलाई के छावनी चौक पर ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘1008’ ने रविवार को धरना प्रदर्शन किया। गौ हत्या के विरोध व गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने रविवार की सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर 10 मिनट के लिए सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। इसका उद्देश्य गोहत्या के खिलाफ कड़ा कानून बनाने की ओर सरकार का ध्यान दिलाना है।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने 10 मिनट के प्रदर्शन के बाद मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि गौ हत्या रोकने के लिए सरकार को कड़ा कानून बनाना चाहिए। आजादी के 75 साल बाद भी देश में गौ हत्या रोकने कोई कड़ा कानून नहीं बन पाया। पिछले 70 सालों में जो नहीं हुआ उसे आज की सरकार को करना चाहिए। अयोध्या में भगवान राम आ गए हैं तो गौ हत्या भी रुकनी चाहिए।

गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दें– शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

इसी उद्देश्य के लिए यह धरना प्रदर्शन किया गया है। सरकार को इस पर गंभीरता पूर्वक विचार करना चाहिए। जो लोग गौ माता को भक्षण के लिए मार रहे हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि सरकार गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दे यह हमारी मांग है। गौ हत्या को रोकने के लिए सरकार को इस ओर विचार करना होगा।

छावनी चौक का नाम गौमाता चौक करने की घोषणा

बता दें कि धरना प्रदर्शन के बाद भिलाई निगम के महापौर नीरज पाल ने छावनी चौक का नाम गौ माता चौक करने की भी घोषणा की। विगत दिनों भिलाई में धर्मसभा करने पहुंचे शंकराचार्य महाराज ने शनिवार को धरना प्रदर्शन की घोषणा की थी। शंकराचार्य ने 10 मार्च को सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर 10 मिनट के लिए अपने-अपने स्थानों पर रहते हुए भारत बंद का आह्वान किया था।

उन्होंने पूरे भारत के गौ भक्तों को अपने-अपने स्तर पर अहिंसक रूप से 10 मिनट सड़क पर उतरकर भारत बंद का समर्थन करने की मांग की थी। प्रत्येक सनातनी गौ माता के लिए 10 मिनट के लिए अपने-अपने घरों से निकलकर कहेंगे “दस दस दस, गोहत्या बस”।

Related Articles

Back to top button