भिलाई में वकील के बेटे और पड़ोसी के बीच मारपीट:FIR में धारा को लेकर थाने में बवाल, वकीलों ने दुर्ग में किया चक्काजाम
By Dinesh chourasiya

भिलाई के खुर्सीपार में पड़ोसी से हुए विवाद के बाद FIR में धारा को लेकर जमकर बवाल हो गया। वकीलों ने एडिशनल एसपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। एडिशनल एसपी को हटाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। हंगामे के बीच एएसपी और पुलिस बल ने मामले को किसी तरह शांत कराया।
खुर्सीपार टीआई उमेंद्र टंडन ने बताया कि सोमवार की देर जोन 2 खुर्सीपार में रहने वाले अधिवक्ता टीएल चौधरी के बेटे अमितेश चौधरी का उनके पड़ोसी डी नारायण से हो गया। इस दौरान मारपीट भी हो गई।







एफआईआर में कमजोर धारा को लेकर विवाद
दोनों ने खुर्सीपार थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसपर पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया, लेकिन अधिवक्ता टी एल चौधरी और पुलिस का एफआईआर में कमजोर धारा को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस ने मांगे CCTV फुटेज




अधिवक्ता संघ के रविशंकर सिंह ने बताया कि घर में घुसकर मारपीट की धारा के तहत एफआईआर लिखने की मांग की गई तो पुलिस ने CCTV फुटेज की बात कही। सीसीटीवी फुटेज नहीं होने के चलते जांच के बाद धारा जोड़ने की बात कही।
एडिशनल एसपी को हटाओ के लगे नारे
इसके बाद वकील परिवार एडिशनल एसपी के पास पहुंचा, लेकिन वहां भी मामले में जांच के बाद धारा जोड़े जाने की बात हुई। इसे लेकर अधिवक्ता बिफर पड़े। सड़क पर उतर आए और कुछ देर कोर्ट और कलेक्ट्रेट के सामने रोड पर चक्काजाम किया। साथ ही एडिशनल एसपी को हटाओ के नारे भी लगाए।
पुलिस ने समझाकर कराया मामला शांत
शाम के वक्त जब अधिवक्ताओं ने सड़क पर चक्काजाम किया तो वो शासकीय कार्यालयों से छुट्टी का वक्त था। सड़क पर भीड़ थी। चक्काजाम से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। एडिशनल एसपी अभिषेक झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायत पत्र के आधार पर कार्रवाई की बात पर मामला शांत करवाया।




