Uncategorized

भिलाई निगम के पूर्व एल्डरमैन और उसकी पत्नी पर केस:बेटी की फीस के नाम पर 18 लाख की ठगी;कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज

By Dinesh chourasiya

भिलाई नगर निगम के पहले कार्यकाल में एल्डरमैन रहे डॉ दीपक क्लाडियस और उसकी पत्नी प्रतिभा छाया क्लाडियस के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-7 निवासी भगवती तिवारी और उसके बेटे विवेक तिवारी की शिकायत पर दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित और आरोपी दंपती की पहले से जान-पहचान है। डॉ दीपक क्लाडियस खुद को पेशे से डॉक्टर बताता था। आरोपी दंपती ने पीड़ित से ये कहकर रुपए लिए थे कि उनकी बेटी अनन्या क्लाडियस को विदेश के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए रुपयों की जरूरत है।

आरोपियों ने उन्हें यह भी विश्वास दिलाया था कि वे लोग एक साल के भीतर पूरे रुपये वापस लौटा देंगे। अगर वे रुपये वापस नहीं लौटा पाते हैं, तो ग्राम गुरूर में उनकी 1.30 एकड़ जमीन है, जिसे वे उन्हें दे देंगे। आरोपियों की बात पर विश्वास कर पीड़ितों ने 4 अप्रैल 2014 को पहले 8 लाख और 15 अक्टूबर 2015 को 10 लाख रुपए दिए थे।

जब पीड़ितों ने अपने रुपए वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें अपने खाते के 3 चेक दिए। साथ ही अपनी जमीन का इकरारनामा और मुख्तयारनामा (power of attorney) भी पीड़ितों को दे दिया।

चेक हुआ बाउंस, जमीन दूसरे के नाम पर निकली

जब पीड़ितों ने आरोपियों के द्वारा दिए गए चेक को बैंक में जमा किया, तो खाते में राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया। वहीं जिस जमीन का आरोपियों ने पावर ऑफ अटॉर्नी दिया था, वो भी किसी और के नाम पर थी।

आरोपियों से ठगे जाने का अंदाजा लगने पर जब पीड़ितों ने उनसे अपने रुपये मांगे, तो उन्होंने एक इकरारनामा किया और दो महीने में रुपये लौटाने की बात कही। लेकिन उसके बाद भी रुपये नहीं लौटाए। उनके बारे में पता लगाने पर ये जानकारी मिली कि आरोपी डॉ दीपक क्लाडियस की पत्नी प्रतिभा छाया क्लाडियस भिलाई महिला महाविद्यालय हुडको में लेक्चरर है।

आरोपी दंपती ने इसी तरह से कुछ और भी लोगों से रुपये लेकर उनसे भी ठगी की है। आरोपियों ने सेक्टर-9 अस्पताल में कार्यरत रहे भारत भूषण शर्मा और कल्पना शर्मा से 13 लाख रुपये की ठगी की है। जिसकी शिकायत की जांच की जा रही है।

कॉलेज की प्राचार्य से भी ठगे 9 लाख रुपए

आरोपियों ने भिलाई महिला महाविद्यालय की प्राचार्या सुधा राव से 9 लाख रुपये की ठगी की थी। जिसकी आईजी कार्यालय में शिकायत किए जाने के बाद उन्होंने रुपये वापस लौटाकर समझौता किया।

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुई FIR

आरोपी दंपती ने ग्राम अनुटोला डोंगरगांव जिला राजनांदगांव निवासी गीता कतलम से 35 लाख रुपये लिए थे। शिकायत होने पर उसे 10 लाख रुपये लौटाए और बाकी के रुपये 2 महीने में लौटाने का वादा कर उन्हें शांत करवा दिया। ये जानकारी लगने के बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। यहां से आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया गया। इसके बाद भिलाई नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

Related Articles

Back to top button