
छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव के लिए कल वोटिंग , ऑनलाइन देख सकेंगे पोलिंग-बूथ की जानकारी:डाउनलोड कर सकते हैं मतदाता पर्ची; EVM में मेयर के लिए सफेद लाइन के पास बटन
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए कल (मंगलवार) 11 फरवरी को मतदान होगा। इस बार के चुनाव में मतदाता, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन EVM के जरिए एक साथ महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए मतदान करेंगे। वोटिंग सुबह 08:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक होगी।
छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट cgsec.gov.in से मतदान केंद्र की डिटेल और ऑनलाइन वोटर पर्ची डाउनलोड की जा सकती है। वोटर्स मतदाता पर्ची, आधार कार्ड समेत 18 डॉक्यूमेंट के जरिए वोट दे सकेंगे। EVM में महापौर के नाम सफेद पट्टी और पार्षद उम्मीदवार के नाम गुलाबी पट्टी पर लिखे दिखेंगे।







10 नगर निगमों में मतदान
10 नगर निगम, 49 नगर पालिका परिषद और 114 नगर पंचायतों के लिए मतदान होना है। 15 फरवरी को मतगणना के साथ नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। 10 नगर निगमों में जगदलपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर और चिरमिरी शामिल है।
रायपुर जिले के उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर बांधे ने बताया कि जिले के 11 नगरीय निकायों में कुल 11 लाख 68 हजार 373 मतदाता हैं। त्रिस्तरीय पंचायत मतदान के लिए 7 लाख 16 हजार 277 मतदाता हैं। जिले के नगरीय निकायों में 1221 मूल मतदान केन्द्र और 69 सहायक मतदान केन्द्र, इस प्रकार कुल 1290 मतदान केन्द्र हैं।




इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 1374 मूल मतदान केन्द्र और 04 सहायक मतदान केन्द्र, इस प्रकार कुल 1378 मतदान केन्द्र हैं।
- EVM में इस तरह कर सकते हैं मतदान

वेबसाइट में मतदान केंद्र की डिटेल देख सकते हैं
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के सॉफ्टवेयर SEC-ER से ऑनलाइन जनरेटेड मतदाता पहचान पर्ची आयोग की वेबसाइट पर दिए गए लिंक से डाउनलोड की जा सकती है। इसके लिए cgsec.gov.in वेबसाइट में जाकर VOTER SEARCH & PRINT- URBAN और VOTER SEARCH & PRINT- RURAL नामवार सर्च करके अपने मतदान केन्द्र की डिटेल देख सकते हैं और प्रिंट कर सकते हैं।
वोटिंग से पहले ही यहां जीत गए 33 पार्षद
नगर निगम बिलासपुर वार्ड क्रमांक 13 से रमेश पटेल, नगर निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 18 से नरेन्द्र कुमार देवांगन, नगर निगम दुर्ग के वार्ड क्रमांक 21 से विद्यावती सिंह, रायगढ़ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18 से पूनम दिबेश सोलंकी और वार्ड क्रमांक 45 से नारायण पटेल पार्षद पद के लिए निर्विरोध चुने गए हैं।
मुंगेली जिले के नगर पालिका परिषद लोरमी के वार्ड क्रमांक 10 से धारनी पुरुषोत्तम राठौर, वार्ड क्रमांक 17 से भीखम शिवशंकर यादव, कोरबा जिला के नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 8 से आलोक परेडा, नगर पालिका परिषद कटघोरा वार्ड क्रमांक 13 शिवमती पटेल (नीतू), महासमुंद जिले के नगरपालिका परिषद सरायपाली के वार्ड क्रमांक 5 से रोहित प्रधान और वार्ड क्रमांक 13 से गंगाराम पटेल।

नगर पंचायत बसना से अध्यक्ष पद के लिए डॉ. खुशबू अभिषेक अग्रवाल निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। नगर पंचायत बसना के वार्ड क्रमांक 4 से आशीष साहू, वार्ड क्रमांक 11 से महेन्द्र सिंह (पिन्टू), वार्ड क्रमांक 13 से राकेश डड़सेना, मुंगेली जिले के नगर पंचायत पथरिया के वार्ड क्रमांक 5 से मनोज कुमार पांडे और वार्ड क्रमांक 7 से मेला राम जायसवाल निर्विरोध चुने गए हैं।
सक्ती जिला के नगर पंचायत नया बाराद्वार के वार्ड क्रमांक 7 से जितेश शर्मा (अन्नपूर्णा), नगर पंचायत डभरा के वार्ड क्रमांक 7 से राधा देवी टंडन और वार्ड 15 से जयशंकर पटेल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत बिलाईगढ़ के वार्ड क्रमांक 2 से घनश्याम कहार, वार्ड क्रमांक 3 से मुकेश जायसवाल उर्फ लालू, वार्ड क्रमांक 8 से सौभाग्य शरण सिंह पार्षद चुने गए हैं, ये सभी भाजपा नेता हैं।




