छत्तीसगढ़ में वनरक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा स्थगित:13 दिसंबर को होनी थी, कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया आदेश
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में वनरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। 13 दिसंबर को होने वाली वनरक्षक भर्ती की द्वितीय चरण की लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। फिलहाल परीक्षा की नई तारीख घोषित नहीं की गई है।







जानकारी के मुताबिक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख की ओर से भेजे गए पत्र के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया है। इसके चलते 13 दिसंबर को प्रस्तावित लिखित परीक्षा अब तय तारीख पर नहीं होगी।




नई तारीख का इंतजार, प्रवेश पत्र पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं
कर्मचारी चयन मंडल ने अभी संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया है। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों को 7 दिसंबर से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा मिलनी थी।
परीक्षा स्थगित होने के बाद प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर भी नई तारीख के साथ जानकारी मिलने की उम्मीद है। अभ्यर्थियों को अब मंडल की अगली आधिकारिक सूचना का इंतजार है। नई तारीख घोषित होने के बाद परीक्षा से जुड़ी आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी।
1484 पदों के लिए 16,762 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला
छत्तीसगढ़ वन विभाग में वनरक्षक के 1,484 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। शारीरिक मापदंड और दक्षता परीक्षा पास करने वाले 16,762 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होना था। इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन 11 से अधिक अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होना था।
भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में शारीरिक मापजोख और दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें सफल अभ्यर्थियों के लिए कर्मचारी चयन मंडल ने लिखित परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया था। परीक्षा रायपुर में 13 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होनी थी




