Uncategorized

डोंगरगढ़ में घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या:बेटी पर भी धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर; ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर रेफर किया गया

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। आरोपी ने घर में घुसकर मां और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला।

हमले में घायल बेटी को प्राइमरी ट्रीटमेंट दिया गया। इसके बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उसे रायपुर रेफर किया गया। जहां उसका इलाज जारी है। शुक्रवार रात हुई वारदात के पीछे पारिवारिक रंजिश बताई जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है।

आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर मां-बेटे को मार डाला।

सब्जी बेचने का काम करता परिवार

जानकारी के मुताबिक, कमला सोनकर का परिवार चौथना गांव में रहता है और सब्जी बेचने का काम करता है। शुक्रवार रात अज्ञात आरोपी घर में घुस गया। इसके बाद उसने कमला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। फिर बेटे हमेंद्र सोनकर (21) पर भी हमला किया।

मर्डर के बाद भागा आरोपी

इस हमले में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल ममता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया।

वारदात के वक्त बाहर था पति

उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया। वारदात के समय कमला सोनकर का पति घर से बाहर था। डबल मर्डर के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

पारिवारिक रंजिश की आशंका

शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। घटना को अंजाम देने का संदेह परिवार के ही एक रिश्तेदार पर है। हालांकि, आरोपी की भूमिका और हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस घटनास्थल पर जांच कर रही है। वारदात के पीछे की वजह और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस बोली- जल्द किया जाएगा खुलासा

इस मामले में डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक ने बताया कि मामले की हर पहलुओं पर जांच की जा रही है, घायल युवती को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है जल्दी ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button