Uncategorized

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्यभर में लागू की योजना:80 या इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए बस यात्रा फ्री, 8 हजार से अधिक पास जारी

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में 80 साल या इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए अब फ्री बस सेवा शुरू कर दी गई है। राज्य सरकार की इस योजना के तहत अभी तक आठ हजार से ज्यादा बुजुर्गों को बस पास जारी कर दिए गए हैं। सबसे ज्यादा रायपुर में करीब 2000 पास जारी किए गए हैं। इस पास को दिखाकर वे छत्तीसगढ़ में कहीं भी बस में यात्रा निशुल्क कर सकते हैं।

सरकार ने सभी बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी बुजुर्ग बस पास दिखाकर यात्रा करता है तो उसका पूरा सम्मान किया जाए। बस में उसे अच्छी जगह पर बिठाया जाए, ताकि वो आराम से यात्रा कर सकें। इस पहल से बुजुर्ग अपने सामाजिक, पारिवारिक और अन्य जरूरी कामों के लिए आसानी से यात्रा कर सकेंगे।

अफसरों का कहना है कि यह योजना न केवल वरिष्ठ नागरिकों को राहत देगी, बल्कि उनके जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

योजना का लाभ लेने में परेशानी पर शिकायत करें

परिवहन विभाग ने इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी जिलों के बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय, सार्वजनिक स्थानों और बसों में प्रमुखता के साथ पोस्टर चस्पा करने शुरू कर दिए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी बुजुर्ग यात्री को योजना का लाभ लेने में किसी तरह की कोई परेशानी हो रही है तो उसकी शिकायत का तत्काल समाधान किया जाए। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

आवेदन कैसे करें

  • अपने नजदीक के समाज कल्याण विभाग या आरटीओ दफ्तर जाएं।
  • वरिष्ठ नागरिक बस पास/ सियान सेवा बस पास का फॉर्म प्राप्त करें।
  • सभी दस्तावेजों को सेल्फ अटेस्टेड कर फोटो के साथ जमा कर दें।
  • आयु और निवास का भौतिक सत्यापन के बाद पास जारी कर देंगे।
  • पोर्टल serviceonline.gov.in/chhattisgarh से जानकारी लें।
  • Citizen Login से साइन इन करें, नया अकाउंट है तो Register करें।
  • Apply for Services में Senior Citizen Bus Pass क्लिक करें।
  • मांगी गई जानकारी व दस्तावेज अपलोड करें और फॉर्म सबमिट करें।
  • सियान हेल्पलाइन नंबर 155326 पर कॉल करके मदद ले सकते हैं।

80 साल या उससे ज्यादा के बुजुर्ग परिवहन विभाग से बसों में यात्रा के लिए फ्री बस पास बनवा सकते हैं। अभी रायपुर में 2 हजार से ज्यादा फ्री बस पास जारी किए जा चुके हैं। –

Related Articles

Back to top button