दुर्ग मे गाय को बचाने में बाइक फिसली, एक की मौत, 2 लोग घायल, गाय ने भी दम तोड़ा
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के ग्राम झीट के मेन रोड पर मोतीपुर के पास मंगलवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। बाइक पर तीन लोग सवार थे। अचानक गाय सामने आने पर उसे बचाने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी फेंसिंग से टकरा गई। हादसे में गाय की भी मौत हो गई।







जानकारी के मुताबिक बाइक सवार तीनों लोग झीट के मेन रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर गाय आ गई। ड्राइवर ने गाय को बचाने के लिए बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे फेंसिंग के पाइप और तार से जा टकराई।




टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल झीट अस्पताल पहुंचाया। वहां दोनों का इलाज शुरू किया गया। बाइक चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि पीछे बैठे एक व्यक्ति को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं। हादसे में सड़क पर आई गाय की भी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रात में पुलिस के आला अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और सड़क किनारे लगी फेंसिंग को देखा।
पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और बाइक सवारों की पहचान की जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में गाय को बचाने के दौरान बाइक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है




