भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन बैटरी में हादसा, ठेका मजदूर की मौत:काम के दौरान केबिन में फंसने से सांसें थमी, प्रबंधन ने शुरू की जांच
By Dinesh chourasiya

भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में सोमवार को हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 33 साल के ललित कुमार साहू के रूप में हुई है। वह राजनांदगांव का रहने वाला बताया जा रहा है। मृतक बीएसपी में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था।







हादसे के बाद प्लांट में अफरातफरी की स्थिति बन गई। ललित को तत्काल मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सेक्टर-9 अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।
बताया जा रहा है कि बीएसपी के कोक ओवन बैटरी में मजदूर की मौत हुई है। मृतक लोडिंग गाड़ी चला रहा था, लेकिन वह अंदर केबिन में ही दब गया। यह हादसा कैसे हुए इसकी जांच की जा रही है।




हादसे की जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि, ललित प्लांट में काम करने के लिए मरौदा गेट से आना-जाना करता था। हादसा किस वजह से हुआ और घटना के समय वह किस काम में लगा हुआ था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। घटना की जानकारी मिलते ही बीएसपी के उच्चाधिकारी घटनास्थल पहुंचे।
हादसे के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था और ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल हादसे की विस्तृत जानकारी और मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा होना बाकी है। पुलिस और बीएसपी प्रबंधन की ओर से घटना की जांच की जा रही है





