Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़राज्य
Trending

नगरीय क्षेत्रों के आवासहीनों को पट्टा वितरण की तैयारी तेज, 27 अगस्त तक पात्रता सूची तय करने के निर्देश

📰 बालोद में पट्टा वितरण को लेकर कलेक्टर सख्त, केवल घास जमीन का पट्टा देने के निर्देश

अविनाश साहू संवादाता (पत्रकार)

बालोद, 24 अगस्त 2026। जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगरीय क्षेत्रों के आवासहीन परिवारों को पट्टा वितरण की प्रक्रिया की विशेष रूप से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को 27 अगस्त तक पात्रता सूची का निर्धारण कर जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पट्टा वितरण के अंतर्गत केवल घास जमीन का ही पट्टा दिया जाए। उन्होंने पात्र परिवारों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया में आवश्यक कार्रवाई समय पर पूर्ण करने को कहा।

 

इसके साथ ही बैठक में जल जीवन मिशन, एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों का पंजीयन तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को दिए।

 

उन्होंने एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन से शेष किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button