CG में बाइक से निकली फुसफुस की आवाज:सीट के नीचे मिला 4 फीट का कोबरा, टंकी खोलकर सर्प मित्र ने किया रेस्क्यू
By Dinesh chourasiya
धमतरी शहर के कमल विहार इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मोटरसाइकिल के अंदर करीब 4 फीट लंबा कोबरा सांप छिपा मिला। जहरीला सांप रातभर बाइक की सीट के नीचे छिपा रहा।







सुबह बाइक से फुसफुस की आवाज सुनाई देने पर घरवालों को सांप की मौजूदगी का पता चला। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।




सीट खोलते ही पेट्रोल टंकी के नीचे घुसा कोबरा
सांप दिखाई देने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना सर्प मित्र सूर्यकांत साहू को दी। मौके पर पहुंचे सर्प मित्र ने रेस्क्यू शुरू किया। मोटरसाइकिल की सीट खोलने पर कोबरा पेट्रोल टंकी के नीचे जा घुसा। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद टंकी खोलकर सांप को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा
सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने बताया कि कमल विहार से करीब चार फीट लंबे कोबरा का रेस्क्यू किया गया है। सांप को किसी तरह की चोट पहुंचाए बिना सुरक्षित बाहर निकाला गया और बाद में उसे पास के जंगल में छोड़ दिया गया।
कोबरा के काटने पर तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी
सर्प मित्र ने बताया कि कोबरा बेहद जहरीला सांप होता है। इसके काटने की स्थिति में पीड़ित को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से सांप दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने या मारने की कोशिश नहीं करने और विशेषज्ञ या सर्प मित्र की मदद लेने की अपील की।





