राहुल-सोनिया पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप, जांच शुरू:FIR की मांग; आरोप है कि – राहुल ने वंदे मातरम गाने से इनकार किया था
By Dinesh chourasiya
दिल्ली पुलिस ने राहुल और सोनिया गांधी के खिलाफ वंदे मातरम के अपमान से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत 16 अगस्त को IP एस्टेट थाने में एक वकील ने दी थी। इसमें दोनों नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है।







शिकायतकर्ता का आरोप है कि वंदे मातरम के शुरुआती हिस्से के बाद सोनिया गांधी ने कुछ इशारे किए, जिन्हें गाना जारी रखने पर आपत्ति के तौर पर देखा गया।
शिकायत में एक वीडियो का भी जिक्र है। इसमें राहुल गांधी के कथित तौर पर ‘हम वंदे मातरम नहीं गाएंगे’ कहने का दावा किया गया है।




राहुल-सोनिया के खिलाफ कर्नाटक में भी शिकायत दर्ज
उधर, भाजपा ने सोनिया गांधी के खिलाफ बेंगलुरु और मंगलुरु में पुलिस शिकायत दर्ज कर वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की।
बेंगलुरु में बीजेपी युवा मोर्चा ने मल्लेश्वरम और मंगलुरु में बीजेपी नेताओं ने उर्वा थाने में शिकायत दी। पुलिस ने अभी FIR दर्ज नहीं की है।
बीजेपी बोली- सोनिया गांधी माफी मांगें
कर्नाटक भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक धीरज मुनिराजू ने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी को वंदे मातरम के अपमान के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। माफी मिलने तक विरोध जारी रहेगा।
मंगलुरु में बीजेपी नेताओं ने सोनिया गांधी के व्यवहार को वंदे मातरम के संबंध में अनुचित बताते हुए कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस विवाद से राष्ट्रगीत से जुड़ी भावनाएं आहत हुई हैं।
29 जुलाई को नया कानून बना, वंदे मातरम के अपमान पर 3 साल सजा
वंदे मातरम को लेकर यह विवाद ऐसे समय हुआ है, जब संसद ने हाल ही में इसे कानूनी संरक्षण देने वाला नया कानून पास किया है। इसके तहत वंदे मातरम को ‘जन गण मन’ के बराबर कानूनी संरक्षण मिला है।
जानबूझकर इसके अपमान या गायन में रुकावट डालने पर 3 साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।





