सावन के पहले सोमवार शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब:बोल-बम और हर-हर देव नारे से गुजा शिवाले, जलाभिषेक के लिए लगी कतारें
By Dinesh chourasiya

मनेन्द्रगढ़ में सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ब्रह्ममुहूर्त से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्त मंदिरों में पहुंचने लगे।







शहर के प्रसिद्ध श्री सिद्ध बाबा मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा।
सावन के पहले सोमवार के विशेष धार्मिक महत्व के कारण बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया।





भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने सोमवार का व्रत रखकर विशेष पूजा-अर्चना भी की।
सुबह से ही कांवड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया। श्रद्धालु हसदेव नदी से पवित्र जल भरकर कंधों पर कांवड़ लेकर ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ विभिन्न शिव मंदिरों तक पहुंचे।
पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ कांवड़ यात्रा निकालते हुए भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भगवा वस्त्र धारण किए कांवड़ियों की टोलियां भजन-कीर्तन करते हुए मंदिरों तक पहुंचीं, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
मंदिर समिति ने भी विशेष व्यवस्थाएं की थीं। सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए भोग प्रसाद की व्यवस्था की गई





