Uncategorized

भिलाई के कोहका में पुरानी रंजिश में युवक की हत्या:सिर पर पाना-पेचकस से किया था हमला; 4 दिन इलाज के बाद मौत, जबलपुर से पकड़ाया आरोपी

By Dinesh chourasiya

भिलाई के स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर हुए हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के चार दिन बाद युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के जबलपुर से पकड़ लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 25 जुलाई की शाम करीब 6 बजे आर्य नगर कोहका स्थित पानी टंकी के पास हुई थी। यहां पुराने विवाद को लेकर श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई (23) ने कुमार सोनवानी (27) पर हमला कर दिया। आरोपी ने गाड़ी का पहिया खोलने वाले पाना-पेचकस से युवक के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल कुमार सोनवानी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह हाउसिंग बोर्ड कोहका का रहने वाला था और उसका मूल निवास महासमुंद जिले के बागबाहरा में है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार 29 जुलाई की रात करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले अपराध क्रमांक 1056/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इस बीच घायल युवक की मौत होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103 बीएनएस भी जोड़ दी।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी घटना के बाद फरार होकर मध्यप्रदेश के जबलपुर चला गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई को हिरासत में ले लिया। आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत लाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण युवक की हालत लगातार नाजुक बनी रही और चार दिन बाद उसकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के दौरान मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। आरोपी से पूछताछ के आधार पर भी पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी

Related Articles

Back to top button