छत्तीसगढ़ में मानसून फिर एक्टिव, NH पर भरा पानी:बिलासपुर में स्कूलों में छुट्टी, नदी-नाले उफार पर; बिजली गिरने से महिला की मौत
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। बिलासपुर में हो रही लगातार बारिश से मस्तूरी नेशनल हाईवे पर जलभराव हो गया है। कई जगहों पर सड़क के ऊपर 4 से 5 फीट तक पानी बह रहा है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।







वहीं कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इस मार्ग को भी एहतियातन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से प्रदेश में अगले 3 दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। वहीं अगले एक सप्ताह तक अलग-अलग जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।




आज (शुक्रवार) भी कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। रायपुर, दुर्ग समेत कई इलाकों में रातभर से बूंदाबांदी जारी है। बिलासपुर में श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स समेत कई इलाकों की सड़कों और घरों में पानी भर गया। हालात को देखते हुए बिलासपुर जिले के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है।
उधर, रायगढ़ में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से प्रभा एक्का (55) की मौत हो गई। वह जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) बीनने गई थीं, तभी अचानक मौसम बदला और बिजली की चपेट में आ गईं।

रायपुर का मौसम
रायपुर में आज (शुक्रवार) दिनभर बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है।
आधे जिले बारिश की कमी से जूझ रहे
पिछले कुछ दिन हुई अच्छी बारिश के बाद छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल धीमी पड़ गई है। 15 जुलाई तक प्रदेश में 29% कम बारिश हुई है। 32 में से 16 जिले बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। IMD के आंकड़े बताते हैं प्रदेश के एक जिले में बहुत ज्यादा बारिश हुई है।
14 जिलों में बारिश सामान्य हुई है। जबकि 16 जिले बारिश की कमी जूझ रहे हैं। यानी प्रदेश के आधे जिले अभी भी सामान्य से कम बारिश झेल रहे हैं।






