दुर्ग पुलिस ने घेरांबदी कर 12 जुआरियों को पकड़ा:रायपुर नाका में चल रहा था जुए का फड़; 9 लाख कैश और 10 मोबाइल जब्त
By Dinesh chourasiya

दुर्ग की मोहन नगर थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 लाख 4 हजार कैश, 10 मोबाइल और ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार 8 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर नाका इलाके में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की।







छापेमारी के दौरान पुलिस ने 12 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से 9 लाख 4 हजार रुपए नकद, 10 मोबाइल और जुआ खेलने में इस्तेमाल हो रही ताश की गड्डियां बरामद हुईं। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मयंक गावड़े (सेक्टर-5, भिलाई), प्रह्लाद शर्मा (लीलापुर वार्ड-8, चिल्फी), राजीव तिवारी (सदर बाजार, रायपुर), हेमलाल ढीमर (रुआबंधा, भिलाई), मनीष रात्रे (खमरिया, बेमेतरा), पंकज कुमार काठले (सगौनडीह, कबीरधाम), दुर्गेश कुमार बर्मन (पंडातराई, कबीरधाम), नागेश्वर साहू (कांदुल, रायपुर), पंकज वर्मा (उतई, दुर्ग), हेमनंदन डहरे (मोतीपुर, पंडरिया), संजय चोपड़ा (सिविल लाइन, रायपुर) और अमित सिंह (हनुमान नगर, दुर्ग) शामिल हैं।





अवैध कमाई के लिए खेल रहे थे जुआ
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी आरोपी अवैध तरीके से पैसे कमाने के लिए ताश पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को मौके से गिरफ्तार कर बड़ी रकम बरामद की।




