भिलाई में चाकूबाजी पुरानी-रंजिश के चलते युवक पर चाकू से हमला नाश्ता दुकान संचालक के पेट और सीने पर ताबड़तोड़ वार, हालत गंभीर
By Dinesh chourasiya

भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर देर रात चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।







घायल युवक की पहचान अन्नू यादव (35) निवासी वृंदानगर, भिलाई के रूप में हुई है। अन्नू अपने मोहल्ले के सामने ही नाश्ते की दुकान संचालित करता है। बताया जा रहा है कि देर रात कुछ लोगों ने उस पर एक के बाद एक कई चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।




घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

मोहल्ले में बाहरी लोगों की आवाजाही पर रिश्तेदारों ने जताई चिंता
रिश्तेदारों का कहना है कि मोहल्ले में लंबे समय से बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार भी संचालित होता है, जिसके कारण अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि जिस युवक पर हमले का आरोप है, उसका संबंध भी इलाके के कुछ युवकों से बताया जा रहा है। रिश्तेदारों ने पुलिस से क्षेत्र में बढ़ रही ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाहरी लोगों की लगातार आवाजाही और आए दिन होने वाले विवादों से मोहल्लेवासी परेशान हैं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हमले की वजह पुरानी रंजिश सामने आ रही है। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जांच अभी जारी है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





