छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा से मानसून की एंट्री:रायपुर में झमाझम बारिश, सड़कों पर भरा पानी, अगले 5 दिन अलर्ट
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा के रास्ते मानसून की एंट्री हो गई है। कुछ दिनों में यह कुछ और जिलों को भी कवर कर लेगा। मानसून की एंट्री के बाद बस्तर संभाग में बारिश तेज होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में यह मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों को भी कवर कर लेगा







इसके साथ ही प्रदेश में 5 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार दोपहर को अचानक मौसम बदला और रायपुर, रायगढ़ सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई।
भारी बारिश के चलते रायपुर के सुंदरनगर इलाके में महादेवघाट रोड पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आनेजाने में काफी दिक्कतें हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।




इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मानसून के राज्य के कुछ और हिस्सों (जिसमें रायगढ़ और आस-पास के क्षेत्र शामिल हैं) में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।
वहीं, मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। इसके चलते कुछ इलाकों में हीट वेव (लू) जैसी स्थिति बन सकती है।
बिलासपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.8°C बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.9°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
रायपुर में सोमवार को दोपहर के वक्त मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। शहर का अधिकतम तापमान करीब 40°C और न्यूनतम तापमान 29°C रहने का अनुमान है।








