कोलकाता की सरकारी बिल्डिंग में आग, 4 हजार EVM जलीं:10 सीटों पर इस्तेमाल हुई थीं मशीनें; मंत्री बोले- साजिश की आशंका से इनकार नहीं
By Dinesh chourasiya
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक सरकारी बिल्डिंग में आग लगने से करीब 4 हजार EVM जल गईं। ये मशीनें इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में 10 सीटों पर इस्तेमाल की गई थीं।







घटना के बाद TMC, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा कि आग सामान्य नहीं लगती। FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बिल्डिंग में दक्षिण 24 परगना जिला परिषद समेत कई सरकारी दफ्तर हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब 24 घंटे लगे।





TMC बोली- आग में EVM रहस्यमय तरीके से नष्ट हुईं
TMC ने X पर आग का वीडिया शेयर कर लिखा, “4 हजार कंट्रोल यूनिट, 4 हजार बैलेट यूनिट और 4 हजार VVPAT मशीनें नष्ट हो गईं। ये मशीनें कस्बा, जादवपुर, बेहाला ईस्ट, बेहाला वेस्ट, मेटियाबुरुज, सतगछिया और डायमंड हार्बर सब-डिवीजन की कई विधानसभा सीटों से जुड़ी थीं।”
कांग्रेस ने कहा- सरकार और चुनाव आयोग को बताना चाहिए कि आग कैसे लगी और ऊपरी मंजिलों तक कैसे पहुंची।
AAP ने कहा- आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक सरकारी भवन में इतनी भीषण आग लग गई? आग कैसे लगी, और हजोरों EVM इस आग की चपेट में कैसे आ गईं, भाजपा जवाब दे?
मंत्री बोले- साजिश की आशंका से इनकार नहीं कर सकते
पश्चिम बंगाल के दमकल एवं आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि आग सबसे पहले दूसरी और तीसरी मंजिल पर दिखी थी। इसके बाद यह सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल तक पहुंच गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल को ज्यादा नुकसान पहुंचे बिना आग ऊपर कैसे पहुंची। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी, लेकिन साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
FIR दर्ज, फॉरेंसिक जांच शुरू
दक्षिण 24 परगना प्रशासन की शिकायत पर अलीपुर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस आग की वजह तलाश रही है। अभी यह साफ नहीं है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी और कारण से। फॉरेंसिक टीम मौके से नमूने जुटाएगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि आग हादसा थी या किसी ने जानबूझकर लगाई थी।






