CG में भतीजों ने चाचा-चाची को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला:मनमुटाव और झगड़े के बाद डबल मर्डर, शव बोरे में भरकर श्मशान में दफनाए
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में परिवार में मनमुटाव में 2 लोगों का मर्डर हुआ है। भाई भतीजों ने मिलकर अपने ही चाचा-चाची को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। जांच में सामने आया है कि भाइयों का आपस में जमता नहीं था। आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता था।







6 जून को फिर किसी बात पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद 3 लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। मारने के बाद शवों को बोरी में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया था। घटना के 5 दिन बाद पुलिस ने शव बाहर निकाले और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला शोभा थाना क्षेत्र के राजापड़ाव के गरीबा गांव का है। इस बात का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीण श्मशान में किसी दूसरे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। उन्होंने कब्र देखकर शक होने पर पुलिस को सूचना दी थी।




जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, गरीबा गांव निवासी राजाराम नेताम (45) और आशो बाई नेताम (40) पति-पत्नी थे। खेती किसानी करते थे। शादी के बाद उनके बच्चे नहीं थे, लेकिन वो लोग 7 भाई है। पूरा परिवार एक ही जगह पर रहता है। राजाराम नेताम से उनके भाईयों का जमता नहीं था। आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता था।
इसलिए भाई लखीराम नेताम, भतीजा रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम ने 6 जून को अपने चाचा-चाची की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद रात में ही सबूत मिटाने की नीयत से दोनों शवों को बोरे में भरकर चुपचाप श्मशान घाट में दफना दिया। जिससे किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।

श्मशान घाट में नए कब्र मिलने से लगा संदिग्ध
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब 11 जून को गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई। ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्होंने ताजा दफनाए गए शवों के निशान देखे। ग्रामीणों को यह संदिग्ध लगा क्योंकि गांव में हाल के दिनों में किसी मौत नहीं हुई थी।
ग्रामीणों को कुछ दिनों से लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की याद आई। इसी दौरान आरोपियों में से एक भतीजे ने सरपंच को सच्चाई बता दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
कब्र खोदकर निकाले गए शव
शिकायत मिलने के बाद शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ गरीबा गांव पहुंचे। वहां श्मशान घाट में दफन किए गए शवों को खुदवाकर बाहर निकाला गया। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि बरामद शव राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम का ही हैं।
3 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
इस मामले में थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि, हत्या में शामिल तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम (उम्र 32 से 36 साल के बीच) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
फॉरेंसिक लैब रायपुर भेजे गए शव के अवशेष
फिलहाल दोनों शवों का पंचनामा बनाकर शोभा थाना लाया गया। शवों के अवशेषों को आगे की जांच के लिए फोरेंसिक लैब रायपुर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले से जुड़े और अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। वहीं, इस डबल मर्डर से ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी है।




