Uncategorized

छत्तीसगढ़ में 500 तहसीलदारों की हड़ताल, BJP विधायक की गिरफ्तारी की मांग; कांग्रेस बोली- सरकार बचा रही तहसीलों में काम ठप, भटक रहे लोग

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में 500 से ज्यादा तहसीलदार आज हड़ताल पर हैं। राजस्व कामकाज बंद कर अधिकारियों ने सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग की है। आरोप है कि MLA ने सरगुजा जिले के नायब तहसीलदार तुषार मानिक की पिटाई की थी।

इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज प्रदेशभर के तहसीलदार राजधानी रायपुर पहुंचे हैं। हड़ताल के कारण राज्य की अधिकांश तहसीलों में कामकाज पूरी तरह ठप है। लोग राजस्व कामकाज के लिए भटकते दिखाई दिए।

बता दें कि इससे पहले 30 मई को कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संघ ने हड़ताल की थी। तब विधायक ने खुद गिरफ्तारी देने की बात कही थी। हालांकि अब तक कार्रवाई नहीं होने पर आज फिर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस पर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने सवाल उठाते हुए सरकार पर विधायक को बचाने का आरोप लगाया है।

रायपुर के तुता धरना स्थल पर सभी अधिकारी प्रदर्शन कर रहे हैं।।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विधायक रामकुमार टोप्पो का आरोप है कि, नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने उनकी चचेरी बहन से अभद्रता की थी। तुषार मानिक का आरोप है कि, बहन के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए विधायक और उनके समर्थकों ने उनकी पिटाई की थी।

बाद में दोनों पक्षों की शिकायत के बाद काउंटर FIR हुई थी। इसी के बाद राज्य के सभी तहसीलदार एकजुट हुए और कामकाज बंद कर विधायक पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ विधायक समर्थकों ने भी नायब तहसील को हटाने की मांग की है।

बिलासपुर तहसील ऑफिस में वकील अनुराग पांडेय ने कहा कि राजस्व विभाग दलाली का क्षेत्र बन गया है, यहां बिना पैसे दिए किसी का काम नहीं होता। विधायक को साधुवाद देता हूं जिन्होंने ये कृत्य किया। ऐसे अधिकारियों पर इस तरह की कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ये सुधरे और लोगों का भला हो सके। आज की हड़ताल से जनता त्रस्त है। लोगों का काम नहीं हो रहा है। लोग बस आ रहे हैं और भटक कर वापस जा रहे।
बुजुर्ग महिला बोली- पब्लिक परेशान ना हो, इसका समाधान निकाले
बिलासपुर तहसील ऑफिस पहुंची बुजुर्ग महिला ने कहा कि 1 महीने से ऑफिस के चक्कर लगा रही हूं। आज फिर लौटना पड़ रहा। पब्लिक को इतना परेशान ना होना पड़े। इसका समाधान निकलना चाहिए।

ग्रामीण ने कहा कि कई दिन से काम अटका था, आज फिर नहीं हो पाया। इस तरह से हड़ताल सही नहीं है। विधायक सुशांत बोले- जांच के बाद सख्त कार्रवाई होगी

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि, किसी एक व्यक्ति के द्वारा कोई कृत्य हो गया हो तो इससे पूरा प्रशासन का नजरिया नहीं बदलना चाहिए। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की है। जांच के बाद दोषी पाए गए तो सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन के अधिकारियों से आग्रह है कि अपने गिरेबान में झांके और काम पर लौटे।
कांग्रेस बोली- कल को सरकारी अधिकारी गली-गली में पीटे जाएंगे
सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि विधायक पर गंभीर धाराओं में FIR दर्ज है। 7 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई। इसके कारण पूरे जिले में संशय की स्थिति बनी हुई है। अगर आज कार्रवाई नहीं होती है तो कल को सरकारी अधिकारी गली-गली में पीटे जाएंगे।
पूर्व मंत्री बोले- सरकार और प्रशासन के बीच लक्ष्मण रेखा
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि 7 दिनों से राजस्व का काम प्रभावित हैं। इससे जनता को परेशान होना पड़ रहा है। स्कूल में एडमिशन के लिए बच्चों का आय और जाति प्रमाणपत्र नहीं बन रहा। नामांतरण, सीमांकन, फौती संबंधी काम रुका हुआ है। सरकार और प्रशासन के बीच लक्ष्मण रेखा खींच गई है, इसमें जनता पिस रही है।

Related Articles

Back to top button