भिलाई में दो दिन में 3 हादसे, दो की मौत बोगदा पुलिया के पास 11वीं की छात्रा को ट्रक ने रौंदा , खुर्सीपार में पर दो ट्रकों की टक्कर में ड्राइवर की मौत, पावर हाउस ओवरब्रिज पर हुए हादसे में युवक घायल
By Dinesh chourasiya

भिलाई में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले दो दिनों में 3 अलग-अलग जगहों पर हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। ये हादसे जामुल, खुर्सीपार और पावर हाउस ओवरब्रिज इलाके में हुए हैं।







ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह केवल चालान वसूली अभियान में जुट गई है। इधर, भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार की वजह से सड़क हादसे में लोगों की जान जा रही है। सड़क हादसे रोकने में ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।

3 सहेलियों को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौके पर मौत




रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे जामुल थाना क्षेत्र में 11वीं में पढ़ने वाली 17 साल की प्रीति पाल अपनी दो सहेलियों लक्ष्मी और हिमानी के साथ दुपहिया वाहन से जा रही थी। तीनों एसीसी कॉलोनी से लौट रही थीं। जैसे ही वे नंदनी रोड स्थित बोगदा पुलिया के पास पहुंचीं, तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि, तीनों सड़क पर गिर गईं। प्रीति ट्रक के बीच वाले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाकी दोनों छात्राओं को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने ट्रक चालक राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन जब्त कर लिया गया है।

हादसे में बाल-बाल बची छात्रा हिमानी बताई पूरी घटना
मैं अपने घर में थी, मेरी दोनों सहेली लक्ष्मी और प्रीति आईं। उन दोनों को बुक छोड़ने गए थे तो वहां से आए। हम लोग बस जूस पीने गए थे। जामुल वाला रोड के पास वहां जूस पिए। फिर हम लोग वहां से मेरे घर के लिए निकले ACC चौक।
जैसे ही हम लोग वहां से सीधा साइड होकर जा रहे थे, वह इतनी स्पीड से आया और वो मतलब जैसे हम मुड़े न जूस पीकर, तो वह पहले से हम लोग को देख लिया था। जानबूझकर गाड़ी स्पीड चला रहा था, जबकि हम लोग लड़कियां थे तो उसे देख के चलाना चाहिए था न। हम लोग सीधा-सीधा जा रहे थे, आया और ठोक दिया।

अपना पीछे मुड़के देखा और चला गया। फिर उसे कितना बोले और एक न दो दीदी लोग थीं वहां पे, तो उन लोग बोले कि एक जन पीछा करो उसका या फिर उसका फोटो तो खींचो। तो कोई इतना ध्यान नहीं दे रहा था। फिर तुरंत एम्बुलेंस आई, फिर तुरंत हम लोग हॉस्पिटल आ गए। मैं बीच में बैठी थी। प्रीति पीछे बैठी थी। और गाड़ी लक्ष्मी चला रही थी। हम तीनों फ्रेंड हैं और नालदा स्कूल में पढ़ते हैं।

पीछे से ट्रक की टक्कर, ड्राइवर की मौत दूसरी बड़ी घटना खुर्सीपार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर हुई। यहां सुबह करीब 6:15 बजे दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि एक ट्रक आगे चल रहा था, उसने अचानक ब्रेक लगाया। पीछे से आ रहा ट्रक सीधे उसमें जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया।

काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि आज सुबह 6:15 बजे के करीब खुर्सीपार सिग्नल के पास तेज रफ्तार मेटाडोर 407 के द्वारा नेशनल हाईवे रोड पर खड़ी मेटाडोर 407 को पीछे से ठोकर मार दी इस दुर्घटना में एक ड्राइवर की मौत हुई है। कुर्सी पर पुलिस के द्वारा अपराध कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है।


तीसरे हादसे में युवक की हालत नाजुक इसके अलावा पावर हाउस रेलवे ओवरब्रिज पर भी सुबह 5.45 बजे सड़क हादसा हुआ है। एक युवक रात को घर से बिना बताए निकल गया था। सुबह करीब 5.45 बजे वो पावर हाउस रेलवे ओवरब्रिज के उपर पहले से खराब होकर खड़ी बोलेरो पिकअप वाहन से टकरा गया। युवक स्कूटी से था। घायल अवस्था में युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


भट्टी पुलिस थाना के प्रभारी प्रकाश कांत ने बताया कि गाड़ी रात में ही खराब थी, मैकेनिक आए थे बनाने के लिए लेकिन रात ज्यादा होने की वजह से नहीं बनी, इसलिए साइड में खड़ी कर छोड़ कर चले गए थे। इसी खड़ी गाड़ी में स्कूटी सवार युवक आकर टकरा गया। जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक की हालत नाजूक बनी हुई है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे दुर्ग जिले में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस अब पूरी तरह केवल चालान वसूली तक सीमित हो गई है। शहर में बेखौफ तेज रफ्तार वाहन नजर आ जाते हैं। वहीं सड़क किनारे अतिक्रमण और हाईवे पर अघोषित पार्किंग पर भी पुलिस का ध्यान नहीं है। दुर्ग जिले में कम समय में तीन बड़े हादसों ने सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क पर खड़े वाहनों की वजह से हादसे हो रहे हैं।




