रायपुर में सट्टा-सिंडिकेट का मास्टरमाइंड अरेस्ट:रायपुर पुलिस ने मुंबई से दबोचा, महादेव बुक की तर्ज पर वेबसाइट बनाई; 26 लाख का सामान जब्त
By Dinesh chourasiya
रायपुर का इन्फ्लुएंसर और सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को रायपुर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया। खेमानी को फ्लाइट से रायपुर लाया गया है। इसके साथ ही 7 आरोपी भी पकड़े गए हैं। उनके कब्जे से BMW समेत 60 लाख का सामान जब्त हुआ है।







बाबू खेमानी महादेव सिंडिकेट की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ ऑनलाइन वेबसाइट बनाकर आईपीएल मैच में सट्टा खिलवा रहा था। इसके साथ ही वह ढाई साल से रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 व डायमंड मास्टर ऑनलाइन पैनल का संचालन कर रहा था।
13 अप्रैल को उसके खिलाफ गंज थाने में FIR दर्ज की गई थी। जिसके बाद से फरार था। वह रायपुर में अपने भाई करण खेमानी की मदद से पुणे, मुंबई और गोवा में बैठकर पैनल ऑपरेट कर रहा था। अब तक इस मामले में 27 आरोपियों को पकड़ा गया है।




रिश्तेदारों और दोस्तों को सिंडिकेट से जोड़ा
बताया जा रहा है कि, इस पूरे नेटवर्क का संचालन देश के अलग-अलग शहरों से किया जा रहा था, जबकि बाबू खेमानी खुद रायपुर से कहीं बाहर बैठकर पूरे सिंडिकेट को कंट्रोल कर रहा था।
रायपुर, मुंबई, पुणे और गोवा जैसे शहरों में उसके रिश्तेदारों और करीबियों की मदद से पैनल ऑपरेट किए जा रहे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि इस सट्टा सिंडिकेट में कई लोगों की अलग-अलग भूमिकाएं तय थीं।
ट्रांजैक्शन के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। अलग-अलग शहरों में बैठे ऑपरेटर यूजर्स को जोड़ने, दांव लगवाने और लेन-देन संभालने का काम करते थे। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा खिलाया जाता था।
जिससे ट्रांजैक्शन को ट्रैक करना भी मुश्किल हो जाता था। पैसों का ट्रांजैक्शन करने के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल खेमानी सिंडिकेट की तरफ से किया जाता था।





