छत्तीसगढ़-के वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटा, 10 की मौत:30-40 मजदूर झुलसे, 12 की हालत गंभीर, 80% जले, परिजनों का हंगामा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बॉयलर ब्लास्ट हो गया। हादसे में 10 मजदूरों की मौत हो गई है। SP प्रफुल्ल ठाकुर ने 4 मौतों की पुष्टि की है। वहीं 18 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल लाया गया, जहां 6 मजदूरों ने दम तोड़ दिया है। बाकी 12 घायलों की हालत भी गंभीर है। मजदूर 80% झुलस गए हैं। घटना डभरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हर रोज की तरह सामान्य काम चल रहा था। इस दौरान अचानक दोपहर करीब 2 बजे बॉयलर ब्लास्ट हो गया। हादसे में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन अधिकारी मौके पर पहुंचे। ट्यूब फटने से हादसा हुआ है। 11 घायलों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।







प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजन हंगामा कर रहे हैं। घायलों से मिलने देने की मांग कर रहे हैं। मौके पर एडिशनल एसपी सहित भारी पुलिस बल मौजूद है। सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो भी प्लांट पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा- पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे और घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।






