Uncategorized

बालोद के जिला सहकारी बैंक में लगी आग:कंप्यूटर और कैश काउंटर जले; बंदरों की उछल-कूद से हुआ शॉर्ट सर्किट, 4 दिन बंद रहेगा बैंक

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार सुबह एक सहकारी बैंक शाखा में आग लग गई। जिससे बैंक के कंप्यूटर सिस्टम, कैश काउंटर और इन्वर्टर की बैटरियां जलकर खाक हो गईं। गनीमत रही कि जरूरी दस्तावेज और कैश सुरक्षित बचा लिए गए।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8 बजे गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की शाखा में हुई। बताया जा रहा है कि, बैंक की छत पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था।

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

इसी दौरान बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। आग लगते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।

मामले की जांच की जाएगी

गुंडरदेही पुलिस के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। फिलहाल नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, जिसके बाद ही कुल क्षति स्पष्ट हो पाएगी।

अगले चार दिनों तक बंद रहेगा बैंक

बैंक प्रबंधक आर.के. यादव ने बताया कि, इस आगजनी में 3 कंप्यूटर, 3 सीपीयू, फोटोकॉपी प्रिंटर, पासबुक प्रिंटर, बैंक काउंटर, सीसीटीवी कैमरा और पूरी विद्युत वायरिंग जलकर खाक हो गई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि बैंक के सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना के चलते बैंक का लेन-देन कार्य अगले चार दिनों तक बंद रहेगा। इस दौरान किसान और ग्राहक अपने लेन-देन के लिए नजदीकी शाखाओं, अंडा और गुण्डरदेही का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रशासन मामले की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Back to top button