कुम्हारी खारून ब्रिज की मरम्मत का कार्य शुरू,रूट प्लान भी जारी:1 महीने तक ट्रैफिक वन-वे रहेगा, पहले चरण में डामर उखाड़ा जा रहा
By Dinesh chourasiya

दुर्ग-भिलाई और रायपुर के बीच स्थित खारून नदी ब्रिज की मरम्मत का काम आज से शुरू हो गया है। इसके चलते अगले एक महीने तक इस रूट पर ट्रैफिक वन-वे रहेगा। निजी, सवारी और भारी वाहन धीरे-धीरे होकर गुजर रहे हैं।







हालांकि अभी तक जाम की स्थिति नहीं बनी है। साथ ही नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है और सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए 44 से ज्यादा पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। ठेकेदार हितेंद्र तिवारी ने बताया मिथिलेश मिश्रा को टेंडर दिया गया है।
सबसे पहले पुल का डामर उखाड़ने का काम किया जा रहा है, जिसके बाद आगे का मरम्मत कार्य किया जाएगा। वहीं, किसी दुर्घटना की स्थिति में सहायता के लिए हैवी क्रेन की व्यवस्था की गई है




स्पीड ब्रेकर की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि रपटा पुल से लगातार गाड़ियों का आवागमन बढ़ गया है, जबकि सामान्य दिनों में यहां से बहुत कम वाहन गुजरते थे। इस सड़क के किनारे बड़ी संख्या में घर बने हुए हैं। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित रहे और किसी भी हादसे की आशंका को रोका जा सके।
दुर्ग से रायपुर की ओर डायवर्सन प्लान
- रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, पुलिस मुख्यालय, आरंग, अभनपुर की ओर आने वाले वाहन चालक सेलूद -पाटन –अभनपुर– मार्ग का उपयोग करें
- दुर्ग भिलाई रिसाली उतई से रायपुर आने वाले वाहन चालक सेलूद –फूंडा—जामगांव— मोतीपुर— अमलेश्वर— से रायपुर आने वाले मार्ग का उपयोग करें
- चरोदा कुमारी भिलाई 3 से रायपुर की ओर आने वाले वाहन चालक सिरसा गेट– मोतीपुर —अमलेश्वर —से रायपुर –मार्ग का उपयोग करें।
- कुम्हारी अहिरवार से रायपुर आने वाले वाहन चालक कुम्हारी —उरला —खमरिया– अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करें
- कुम्हारी टोल से रायपुर की ओर आने वाले वाहन चालक कुमारी टोल बाद चन्दनीडीह तक वन वे मार्ग का उपयोग करें
- रायपुर से दुर्ग जाने वाले वाहन चालक जैसे कार चालक और बाइक चालक चन्दनीडीह ग्राम से लेफ्ट होकर पुराना रपटा/ पुल का प्रयोग कर कुम्हारी टोल तक जा सकेंगे
- रायपुर से दुर्ग की ओर जाने वाले कार और बाइक भटगांव से अमलेश्वर मोतीपुर होकर दुर्ग /रायपुरा से अमलेश्वर मोतीपुर होकर भिलाई और दुर्ग जाने इस मार्ग का उपयोग करे।




