Uncategorized

रायपुर कोर्ट से बाप-बेटे कैदी फरार:पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागे, 4 घंटे तलाश करने के बाद FIR दर्ज, मारपीट-हत्या की कोशिश का है आरोप

By Dinesh chourasiya

रायपुर के जिला न्यायालय परिसर से दो कैदी बाप-बेटे फरार हो गए हैं। पेशी के दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कैदी कोर्ट परिसर से भाग गए। दोनों कैदियों को 4 घंटे तक तलाश किया गया, जब वो नहीं मिले तो सिविल लाइन थाने पहुंचकर आरक्षक ने एफआईआर दर्ज कराई है।

बताया जा रहा है कि, फरार कैदियों का नाम राजेश मार्कण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय है। फरार कैदी रिश्ते में बाप-बेटे है। इनको मारपीट और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

सिविल लाइन पुलिस आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके उनका पता लगा रही है।

अब पढ़िए क्या है पूरा मामला

दरअसल, रायपुर जेल में बंद कैदी राजेश मार्कण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय को बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा से कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। आरक्षक ईसरार गौरी को आरोपियों की निगरानी में लगाया गया था। पेशी के बाद उसे वापस जेल ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

इसी दौरान भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दोनों कैदी पुलिस अभिरक्षा से निकलकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी शुरू की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। आरक्षक ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी।

आरोपियों की तलाश करने पर जब वो नहीं मिले तो सिविल लाइन थाने पहुंचकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों के फरार होने की दिशा और संभावित ठिकानों की तलाश पुलिस टीम कर रही है।

Related Articles

Back to top button