Uncategorized

भिलाई जोन-2 के खेल मैदान का होगा निजीकरण:संचालन-मैनेजमेंट देखेगी निजी संस्था; शहर में खड़े लावारिस वाहनों की    होगी निलामी 

By Dinesh chourasiya

भिलाई नगर पालिक निगम की महापौर परिषद (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक में कई निर्णय लिए गए। 21 जनवरी को आयोजित बैठक में खेल मैदान का निजीकरण समेत कई फैसलों पर मुहर लगी।

महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अपर आयुक्त सह सचिव राजेन्द्र कुमार दोहरे सहित एमआईसी के सदस्य और कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा 30 वर्षीय लीज पर आवंटित भूखंडों के प्रयोजन परिवर्तन से जुड़े प्रकरणों पर पुनर्विचार किया गया।

परिषद ने विधि अनुसार प्रक्रिया निर्धारण पर सहमति जताई, जिससे लंबे समय से लंबित मामलों के निराकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। यह निर्णय भूखंड धारकों के लिए राहतभरा माना जा रहा है।

एमआईसी की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय।

निजी संस्था करेगी खेल मैदान का संचालन

एमआईसी की बैठक में जोन-2 में स्थित खेल मैदान के संचालन की जिम्मेदारी निजी संस्था को दी जाएगी। बैठक में इसको लेकर मंजूरी दी गई है। ​जोन-2 वैशाली नगर स्थित खेल मैदान के बेहतर संचालन, प्रबंधन और संधारण की जिम्मेदारी निजी/संस्थागत हाथों में सौंपने का निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा सुपेला एवं घासीदास नगर के सामुदायिक भवनों व शांति नगर दशहरा मैदान के खाली परिसर को किराए पर देने के लिए नए सिरे से प्रस्ताव तैयार कर अगली बैठक में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क किनारे खड़े लावारिस वाहनों की होगी नीलामी

एमआईसी की बैठक में सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों की वजह से जाम की स्थिति को देखते हुए उनकी नीलामी करने का फैसला लिया गया है। सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर खड़े अवैध वाहनों और लावारिस खड़े वाहनों की नीलामी की जाएगी।

इन कार्यों की भी मिली सहमति

सड़क अधोसंरचना के अंतर्गत जोन-3 के वार्ड 31 में बैकुंठधाम स्वागत द्वार से स्वास्थ्य कार्यालय तक तथा वार्ड 35 में किशन चौक से पप्पू चौक होते हुए 1 नंबर पंप हाउस तक डामरीकरण कार्य को मंजूरी दी गई। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

वहीं एसएलआरएम सेंटर में कचरा पृथकीकरण और गीले कचरे से खाद निर्माण के कार्यों को गति देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 15वें वित्त आयोग की ‘मिलियन प्लस सिटी’ योजना के अंतर्गत नए संसाधन वाहनों की खरीदी को भी स्वीकृति दी गई, जिससे कचरा प्रबंधन प्रणाली और प्रभावी होगी।

गार्डन के संचालन के लिए भी ईओआई की तैयारी

नगर निगम की एमआईसी की बैठक में नेहरू नगर वार्ड-4 के जी.ई. रोड स्थित गार्डन नंबर 1 से 4 के संचालन के लिए ‘रुचि की अभिव्यक्ति’ (ईओआई) आमंत्रित करने का प्रस्ताव सलाहकार समिति के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।

बैठक में निगम के नियमित व प्लेसमेंट कर्मचारियों के सेवा विस्तार सहित अन्य विभागीय विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, केशव चौबे, आदित्य सिंह, लालचंद वर्मा, चंद्रशेखर गंवई, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button