Uncategorized

भिलाई के खुर्सीपार में बाइक सवार को बचाने में टैंकर ने लगाया ब्रेक:पीछे से ट्रेलर ने मारी टक्कर; केमिकल बहने से नेशनल हाईवे पर 3KM लंबा जाम

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में मंगलवार को नेशनल हाईवे पर सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में केमिकल से भरे टैंकर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर में भरा केमिकल सड़क पर फैल गया और आसपास की नालियों में भी बह गया। केमिकल फैलने से हाईवे पर जबरदस्त फिसलन हो गई, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद एहतियातन वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी गई और कुछ समय के लिए यातायात भी रोकना पड़ा। हादसे के चलते नेशनल हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर से अधिक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

खुर्सीपार चौक के पास हुआ हादसा

घटना खुर्सीपार चौक के पास की बताई जा रही है। टैंकर रायपुर की ओर से दुर्ग की तरफ जा रहा था। सामने अचानक बाइक सवार आ जाने पर टैंकर चालक ने ब्रेक लगाया, इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।

टक्कर से सड़क पर फैल गया केमिकल तेल

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा केमिकल तेल सड़क और नालियों में फैल गया। तेल फैलने से सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

फिसलन के कारण अन्य वाहन भी गिरे

सड़क पर केमिकल तेल फैलने के कारण एक-दो बाइक सवार और भी फिसलकर गिर गए। हालांकि उन्हें मामूली चोटें आने की जानकारी है। हादसे में बाइक सवार युवक को गंभीर चोट आई है। युवक के पैर में गंभीर चोट और फैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों को बुलाकर सड़क पर फैले केमिकल को साफ कराया गया, ताकि किसी अन्य बड़े हादसे से बचा जा सके।

सीएसपी प्रशांत कुमार ने संभाली कमान

मौके पर छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और लगातार यातायात बहाल करने के प्रयास किए जाते रहे। हादसे के चलते खुर्सीपार से चरोदा तक नेशनल हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर से अधिक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

पुलिस की ओर से धीरे-धीरे वाहनों को निकालकर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया ट्रैफिक सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button