
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में 170 दिन बाद भूपेश के बेटे चैतन्य जेल से रिहा:बेटे को लेने खुद कार चलाकर पहुंचे भूपेश, चैतन्य बोले-कोर्ट का धन्यवाद, भीड़ से सड़कें जाम
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद चैतन्य बघेल रायपुर सेंट्रल जेल से करीब 170 दिन बाद रिहा हो गए हैं। चैतन्य बघेल जेल से अपने घर के लिए जा रहे हैं हैं, लेकिन सड़क पर भीड़ से ट्रैफिक जाम रहा।
वहीं जेल से रिहाई के बाद चैतन्य बघेल ने कहा कि न्यायालय का बहुत बहुत धन्यवाद। आप सभी का भी शुक्रिया। मामला कोर्ट में है तो इसमें कुछ बोलना उचित नहीं है। यह मामला न्यायिक समीक्षा के अधीन है। हमारे समर्थकों का भी धन्यवाद। कार से भूपेश बघेल अपने बेटे चैतन्य को रिसीव करने खुद कार चलाकर पहुंचे हैं।







मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा कि यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से ED, IT और EOW का दुरुपयोग किया गया, वह आज उजागर हो गया है। केंद्र और राज्य सरकार की जांच एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्य से इस्तेमाल किया गया है।
बघेल ने कहा कि उनके बेटे की गिरफ्तारी एक साजिश के तहत की गई थी। आज उसे जमानत मिल गई है। चैतन्य की रिहाई उसके बेटे के जन्मदिन के दिन हुई, जबकि ED ने चैतन्य के जन्मदिन पर गिरफ्तारी कर खुशी में खलल डालने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद खुशी का है।

मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में हुई थी गिरफ्तारी




प्रवर्तन निदेशालय (ED) और छत्तीसगढ़ एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB/EOW) की ओर से दर्ज केसों में मिली है। ED ने चैतन्य को पिछले साल जुलाई में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया था, जबकि भ्रष्टाचार के मामले में सितंबर में ACB ने उन्हें तब गिरफ्तार किया जब वे पहले से ही जेल में थे।
जांच एजेंसियों के अनुसार यह घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा। ED का आरोप है कि चैतन्य बघेल इस पूरे शराब सिंडिकेट के संरक्षक थे। उन्होंने करीब 1,000 करोड़ रुपए का लेन-देन व्यक्तिगत रूप से संभाला।
इसके अलावा ACB का दावा है कि चैतन्य बघेल को हिस्से के तौर पर 200 से 250 करोड़ रुपए मिले और इस पूरे घोटाले की कुल रकम 3,200 करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकती है। वहीं बेटे को जमानत मिलने पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि सत्य की जीत हुई है। सत्य परेशान हो सकता है। पराजित नहीं हो सकता। समर्थकों ने पटाखे फोड़कर खुशी जताई।






