Uncategorized

दुर्ग ASP पर पानी-पाउच फेंकने से शुरू हुई लाठीचार्ज, जमीन रजिस्ट्री गाइडलाइन का विरोध करने पहुंचे 5 व्यापारियों पर FIR; 6 पुलिसकर्मियों को आई चोट

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में नई जमीन गाइडलाइन को लेकर जमीन व्यापारी नाराज हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दुर्ग जिले में 1 दिसंबर को व्यापारी चक्काजाम करने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और व्यापारियों के बीच टकराव हो गया।

पुलिस के अनुसार व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों पर झंडा और पानी के पाउच फेंके थे। एक पाउच एएसपी सुखनंदन राठौर पर भी गिरा, जिसके बाद उन्होंने लाठीचार्ज शुरू किया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ाकर पीटा था।

व्यापारियों का कहना है कि इस गाइडलाइन के कारण जमीन की कीमतें 5 से 9 गुना तक बढ़ गई हैं, इसलिए उन्होंने विरोध किया। घटना के बाद पुलिस ने 8 व्यापारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है, 5 पर FIR दर्ज की गई और 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

देर रात अपराध दर्ज, सुबह से गिरफ्तारी शुरू

1 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन के बाद देर रात पुलिस ने अपराध दर्ज किया। 5 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इसमें राकेश यादव, अनिल वासनिक और विक्की चंद्राकर शामिल है। इसके अलावा अन्य व्यापारियों की भी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि इनके ऊपर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है।

लाठीचार्ज के बाद इनपर हुई थी प्रतिबंधित कार्रवाई, जमानत मिली

  1. मनोज राजपूत, (49 साल), भिलाई
  2. शुभम सिंह राजपूत, (23 साल), दुर्ग
  3. अनिल वासनिक (43 साल), दुर्ग
  4. राकेश यादव, (38 साल) दुर्ग
  5. विक्की चन्द्राकर, (32 साल) दुर्ग
  6. यशवंत सिंह राजपूत, (33 साल), दुर्ग
  7. ओम प्रकाश कोटवानी, (48 साल), दुर्ग
  8. जितेन्द्र बत्रा, (41 साल) दुर्ग
विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में छह पुलिसवाले घायल हुए।

इन पुलिस कर्मियों को आईं चोटें

  1. आरक्षक केशव कुमार, थाना दुर्ग
  2. आरक्षक कमलकांत अंगूरे, थाना दुर्ग
  3. आरक्षक राधेश्याम चंदाकर, दुर्ग
  4. आरक्षक तुषार सलामे, थाना मोहन नगर।
  5. आरक्षक अजय साहू, थाना वैशाली नगर।
  6. आरक्षक हिमांशु जंघेल, मोहन नगर।

व्यापारियों ने कहा- प्रदर्शन के बीच असमाजिक तत्वों ने बिगाड़ी स्थिति

जमीन व्यापारी कन्हैया मिश्रा ने कहा कि हम शांति पूर्ण तरीके से पिछले एक सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं, हमने कभी भी हिंसा का रास्ता नहीं चुना है। पुलिस को लाठीचार्ज नहीं करना था। यह नींदनीय है। वहीं उन्होंने कहा कि इस चक्काजाम प्रदर्शन में असमाजिक तत्वों में चर्चा को तनावपूर्ण बना दिया। लेकिन पुलिस को संयम रखना था।

प्रदर्शनकारियों ने झंडा और पानी पाउच पुलिस पर फेंका

पुलिस के मुताबिक, नई कलेक्टर गाइडलाइंस को लेकर प्रदर्शन कर रहे जमीन व्यापारियों की ओर से पटेल चौक पर चर्चा के दौरान भीड़ में किसी ने पानी का पाउच फेंका। इसके बाद एएसपी सुखनंदन राठौर ने सबसे पहले लाठी चलाई।

इसके बाद पुलिस ने व्यापारियों पर ताबड़तोड़ लाठियों की बौछार कर दी। इसमें कई प्रदर्शनकारी घायल भी हुए हैं। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिसकर्मियों पर झंडा भी फेंका गया। जिससे महिला पुलिसकर्मी भी बाल-बाल बचे।

फिर से नई रणनीति तैयार करेंगे व्यापारी

मामले से जुड़े व्यापारियों ने कहा कि वो आगे की रणनीति के लिए दोबारा सभी सदस्यों की बैठक आयोजित करेंगे। बैठक के बाद जो भी निर्णय होगा उस पर अमल किया जाएगा। फिलहाल वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज करने की तैयारी भी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button