अपराध पर लगाम लगाने दुर्ग पुलिस का बड़ा अभियान:छावनी, कुम्हारी और अमलेश्वर में घरों की चेकिंग, फिंगरप्रिंट लेकर तैयार किया डेटा, 500 से ज्यादा संदिग्धों से की गई पूछताछ
By Dinesh chourasiya

अपराध पर लगाम लगाने आउटर और स्लम इलाकों में पुलिस ने शनिवार को सुबह छापेमार कार्रवाई कर संदिग्ध व्यक्तियों और घरों की जांच की है। तीन थाना क्षेत्रों छावनी बस्ती, कुम्हारी और अमलेश्वर आउटर बस्ती में एक साथ दबिश देकर पुलिस टीमों ने लगभग 500 से अधिक लोगों की चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट भी लिए गए। देर रात रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में भी दो घंटे तक सघन जांच अभियान चलाया गया।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि जिले में लगातार हो रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि धारदार हथियार लेकर घूमने वाले, मादक पदार्थों की तस्करी या सेवन करने वालों, वारंटियों और हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी के साथ-साथ सशक्त ऐप की मदद से वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई।











रेलवे स्टेशन और बस स्टैड में ली गई तलाशी पुलिस अभियान के तहत सुबह 4 बजे से 8 बजे तक आउटर बस्तियों में घर-घर जाकर पूछताछ कर रह है। संदिग्धों का डाटा संग्रहित किया। कई स्थानों पर पुलिस ने स्थानीय रहवासियों से भी बातचीत कर क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद रात 10 बजे से 12 बजे तक रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में यात्रियों, प्लेटफॉर्म, पार्किंग एरिया और प्रतीक्षालयों की गहन तलाशी ली गई।
बड़ी संख्या में पुलिस बल मैदान में अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है। राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में थाना प्रभारियों और विभिन्न टीम छापेमार कार्रवाई में शामिल है। पुलिस ने लावारिस सामान, संदिग्ध वाहन और बिना पहचान वाले लोगों की अलग से जांच की। कई युवकों को रोककर उनकी तस्वीरें, मोबाइल नंबर और फिंगरप्रिंट लेकर रिकॉर्ड में जोड़ा गया।




