
दुर्ग में प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रोका काफिला:रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी का विरोध, पुलिस से झूमाझटकी, कांग्रेस बोली-सभी नेताओं का ऐसा ही हाल होगा
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में रजिस्ट्री शुल्क और जमीन की गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ दुर्ग में लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव साय का काफिला वहां से गुजर रहा था, जिसे प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर रोक लिया।
विरोध के चलते प्रदेश अध्यक्ष को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी और इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। कांग्रेस का कहना कि जो हाल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का दुर्ग में हुआ है, वो हाल बीजेपी के सभी नेता का होने वाला है।







देखिए पहले ये तस्वीरें…

कलेक्ट्रेट के बाहर सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन, रास्ता जाम
दरअसल, रजिस्ट्री शुल्क और गाइडलाइन दर बढ़ोतरी के विरोध में जमीन खरीदी–बिक्री के कारोबार से जुड़े लोग और आम नागरिक पटेल चौक पर इकट्ठे हुए। वहां से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट के प्रवेश द्वार तक पहुंचे। भीड़ ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की




प्रदर्शनकारियों ने कहा, रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी आम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ है। जिसे किसी भी तरह स्वीकार नहीं किया जा सकता। घर-दुकान और जमीन खरीदने का खर्च पहले ही बढ़ चुका है। ऐसे में रजिस्ट्री शुल्क और मार्केट वैल्यू में अचानक बढ़ोतरी करना सरकार का जनविरोधी कदम है। जो आम आदमी की जेब पर भारी पड़ेगा।

किरण देव साय का काफिला रोका, ज्ञापन सौंपने की जिद पर अड़े लोग
इसी बीच एक निजी कार्यक्रम से लौट रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव साय का काफिला प्रदर्शन स्थल से गुजरने लगा। प्रदर्शनकारियों ने तुरंत काफिले को घेर लिया और गाड़ी के सामने खड़े होकर साय को ज्ञापन सौंपने की मांग करने लगे।
प्रदर्शनकारियों के अचानक सड़क पर आ जाने से कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया। काफिले के साथ चल रहे फॉलो गार्ड, भाजपा कार्यकर्ताओं और मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने का प्रयास किया। लेकिन वो अपनी मांगों पर अड़े रहे और रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झूमाझटकी, शिकायत भी दर्ज
स्थिति तब बिगड़ गई, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काफिले के सामने से जबरन हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी हो गई। जैसे-तैसे पुलिस ने रास्ता खाली कराया और काफिले को आगे बढ़ाया।
घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वे सिर्फ अपनी मांगें रखना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने अनावश्यक रूप से बल प्रयोग किया।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
काफिला हटाए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि रजिस्ट्री शुल्क और जमीन के बाजार मूल्य में बढ़ोतरी आम जनता, विशेषकर मध्यमवर्ग और छोटे कारोबारियों के लिए गंभीर परेशानी पैदा करेगी।
उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत शुल्क बढ़ोतरी वापस ले, ताकि लोगों को राहत मिल सके। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने समय रहते राहत नहीं दी, तो आंदोलन और उग्र हो सकता है और पूरे प्रदेश में विरोध तेज होगा।

कांग्रेस बोली- BJP सरकार से जनता नाराज, सभी नेताओं के साथ ऐसा ही होगा
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद ही प्रदेश में जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है। वादे सुशासन का किया था, लेकिन यहां पर केवल आर्थिक बोझ लोगों पर बढ़ाया जा रहा है। बिजली बिल लगातार बढ़ाया गया है और अब रजिस्ट्री के मामले में जिस तरीके से वृद्धि हुई है, उससे लोगों में काफी आक्रोश है।
जो हाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष का दुर्ग में हुआ है, वो हाल बीजेपी के सभी नेता का होने वाला है। ये जनता के बीच में जाएंगे तो जनता इन्हें इसी तरह रोकेगी और विरोध जताएगी। क्योंकि इनके कार्यकाल में किसान और आम जनता सभी नाखुश हैं। बिजली बिल योजना पर भी देवेंद्र ने कहा कि पहले की योजना को खत्म कर दिया है लगातार टैरिफ बढ़ाया जा रहा है, जिसके कारण मध्यमवर्गीय परिवार है वो अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है।
………………………………………………………..




