Uncategorized

छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव IAS विकासशील बने 30 सितंबर को लेंगे चार्ज,

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। - Dainik Bhaskar

छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी विकासशील को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे प्रदेश के 13वें मुख्य सचिव होंगे। शासन ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिया है। इस नियुक्ति में विकासशील ने 4 सीनियर IAS अधिकारियों को सुपरसीड (पछाड़ना) किया है। उन सीनियर अफसरों में रेणु गोनेला पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल और मनोज कुमार पिंगुआ शामिल हैं।

वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं। उसी दिन शाम को वे विकास शील को औपचारिक रूप से पदभार सौंपेंगे। परंपरा के अनुसार, जिस दिन नया मुख्य सचिव पदभार ग्रहण करता है, उस दिन कोई बड़ी मीटिंग नहीं होती।

सिर्फ मुख्यमंत्री से मुलाकात होती है। इसके बाद अगले दिन मंत्रालय में अफसरों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।

सचिव रजत कुमार ने यह आदेश जारी किया है।

पौने चार साल का होगा कार्यकाल

नए मुख्य सचिव विकास शील का जन्म जून 1969 में हुआ था। इस हिसाब से जून 2029 में वे 60 साल के होंगे। यानी 30 सितंबर को पदभार ग्रहण करने के बाद वे करीब 3 साल 9 महीने तक मुख्य सचिव रहेंगे। लंबे कार्यकाल की दृष्टि से वे छत्तीसगढ़ के तीसरे मुख्य सचिव होंगे।

सबसे लंबा कार्यकाल अमिताभ जैन का रहा है, जिन्होंने चार साल 10 महीने तक यह जिम्मेदारी संभाली। उनके बाद विवेक ढांड ने 3 साल 11 महीने तक पद पर काम किया था।

विकासशील की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबा कार्यकाल मिलने के कारण उनसे शासन की योजनाओं और नीतियों को निरंतरता और स्थायित्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button