आंगनबाड़ी-पालना केंद्रों में भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित:दुर्ग में 1 अक्टूबर तक दे सकते है आवेदन; पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण की बैठक 19 को
By Dinesh chourasiya
दुर्ग शहरी एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय ने आंगनबाड़ी और पालना केन्द्रों में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों में आंगनबाड़ी सहायिका, पालना केन्द्र सहायिका और कार्यकर्ता शामिल हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 1 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है, जबकि दावा-आपत्ति 25 सितंबर 2025 तक प्रस्तुत की जा सकती है।
पहले चरण में, स्टेशन पारा 02, वार्ड क्रमांक 22 में आंगनबाड़ी सहायिका और सिकोला बस्ती, वार्ड क्रमांक 16 में पालना केन्द्र सहायिका के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है।







इन पदों के लिए प्राप्त आवेदनों की अनंतिम सूची परियोजना कार्यालय दुर्ग शहरी और नगर पालिक निगम दुर्ग के सूचना पटल पर चस्पा कर दी गई है।
मूल्यांकन समिति के निर्णय के अनुसार, 25 सितंबर 2025 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। दावा-आपत्ति कार्यालय परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना दुर्ग शहरी में कार्यालयीन समय पर प्रस्तुत की जा सकती है।
इसके अलावा, पालना योजना के तहत स्वीकृत केन्द्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर भी आवेदन मांगे गए हैं। इनमें पालना केन्द्र पुलगांव, वार्ड क्रमांक 55 में सहायिका तथा शांति नगर (शक्ति नगर), वार्ड क्रमांक 17 में कार्यकर्ता एवं सहायिका के पद शामिल हैं।




इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन 01 अक्टूबर 2025 तक परियोजना कार्यालय दुर्ग शहरी (पांच बिल्डिंग, बाल संरक्षण गृह परिसर, दुर्ग) में सीधे या पंजीकृत डाक द्वारा जमा कर सकते हैं। आवेदन सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे, और निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन मान्य नहीं होंगे।
परियोजना अधिकारी ने बताया कि आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करना होगा। किसी भी प्रकार की त्रुटि या अधूरी जानकारी वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदनों की समीक्षा कर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।

छत्तीसगढ़ ग्रामीण एवं ओबीसी प्राधिकरण की बैठक
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक 19 सितंबर 2025 को दुर्ग में आयोजित की जाएगी। यह बैठक पूर्वाह्न 11 बजे पीडब्ल्यूडी सभा कक्ष में होगी, जिसकी अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
बैठक में राज्य सरकार के मंत्री, सभी सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, संभाग आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, विभागीय सचिव और सत्रह जिलों के कलेक्टर शामिल होंगे।
बैठक के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले के अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में साइंस कॉलेज के सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनके कार्यों और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस, वन, नगरीय प्रशासन, सामान्य प्रशासन, जिला पंचायत, अग्निशमन, लोक निर्माण विभाग, परिवहन, सीएसपीडीसीएल, स्वास्थ्य, पीएचई, उद्यानिकी, कृषि, जनसंपर्क, आबकारी, बिजली सुरक्षा, जिला सूचना, बीएसएनएल, खाद्य, शिक्षा और नगर निगम से जुड़े अधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे गए।
सभी को निर्धारित कार्यों का निर्वहन समयबद्ध और प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बैठक में केवल संबंधित लाइजनिंग अधिकारी ही उपस्थित रहेंगे; किसी अन्य प्रतिनिधि को अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों के आगमन को देखते हुए जिले में आवश्यक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्हें शांति और सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
तैयारी बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, वनमंडलाधिकारी दीपेश कपिल, सहायक कलेक्टर अभिजीत बबन पठारे, एडीएम अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत के सीईओ बजरंग दुबे, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन सहित समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




