भिलाई में BSF जवानों ने निकाली साइकिल-बाइक रैली:हर घर तिरंगा फहराने का संदेश; दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे ध्वजारोहण
By Dinesh chourasiya

भिलाई में सीमा सुरक्षा बल ने ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ के तहत तिरंगा साइकिल और मोटर साइकिल रैली निकाली। यह रैली सामरिक मुख्यालय से शुरू होकर रिसाली चौक, डीपीएस चौक, पंथी चौक और रेल चौक होते हुए एसएसबी क्षेत्रीय मुख्यालय तक पहुंची।
रैली में BSF के अधिकारी, जवान और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति की भावना को मजबूत करना था। साथ ही हर घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करना था।







वहीं, जिले में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 13 अगस्त को सुबह 9 बजे मुख्य समारोह की अंतिम रिहर्सल होगी। सभी विभागों और प्रतिभागियों को समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। यहां उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ध्वजारोहण करेंगे।
घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित कर रहे जवान
BSF नक्सल प्रभावित इलाकों में भी इस अभियान को सक्रियता से चला रही है। जवान वहां तैनात वाहिनियों और स्थानीय नागरिकों के बीच तिरंगे का वितरण कर रहे हैं। वे लोगों को घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।




अधिकारियों ने बताया कि BSF नक्सल विरोधी अभियानों के साथ-साथ जनता में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का काम भी कर रही है। तिरंगा रैली इसी दिशा में एक प्रयास है। यह देशवासियों को एकजुट करने और राष्ट्रीय गौरव के प्रति जागरूक करने का माध्यम है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे ध्वजारोहण
दुर्ग जिले में 14 अगस्त को जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग दुर्ग स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन करेगा। दौड़ सुबह 8 बजे रविशंकर स्टेडियम से शुरू होगी। यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेडियम में खत्म होगी। इस दौड़ में विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सैनिक, शिक्षक, खिलाड़ी, अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकार हिस्सा लेंगे।
15 अगस्त को मुख्य समारोह प्रथम बटालियन, दुर्ग में आयोजित होगा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। वे परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और मंच व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शहर में तिरंगे और रोशनी की सजावट की जा रही है। स्कूल-कॉलेजों में देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं। बाजारों में तिरंगे और सजावटी सामग्री की बिक्री हो रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से राष्ट्रीय पर्व को सामूहिक रूप से मनाने की अपील की है।




