Uncategorized

रायपुर में पेट्रोल-पंप मैनेजर का मर्डर रात में 50 रुपए का पेट्रोल डलवाने आए थे बदमाश; पैसे लूटे, गले पर गोदा चाकू

By Dinesh chourasiya

रायपुर में बुधवार देर रात पेट्रोल पंप के मैनेजर की 2 बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बदमाश पेट्रोल डलवाने के बाद मैनेजर से पैसे छीनने लगे। जब मैनेजर ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू मैनेजर के गले के पास लगा।

जिससे मैनेजर बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हत्या का CCTV वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।

पेट्रोल पंप में चिल्लर को लेकर विवाद

दरअसल, मंदिर हसौद के ग्राम उमरिया में स्थित एक पेट्रोल पंप में देर रात आरोपी समीर टंडन (21) और कुनाल तिवारी (24) निवासी अभनपुर बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। दोनों ने 50 रुपए का पेट्रोल भरवाया और 200 रुपए का नोट दिया, लेकिन चिल्हर को लेकर विवाद हो गया।

इसी दौरान आरोपी समीर टंडन ने पेट्रोल पंप कर्मचारी अनिल गायकवाड़ (22) पर चाकू से वार कर दिया। साथ ही उसके हाथ से कैश लूट लिया।

आरोपी ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर चाकू से हमला कर हाथ से कैश लूट लिया।

बचाने आए दूसरे कर्मचारी की मौत

हमले की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप का मैनेजर कर्मचारी योगेश मिरी (26) बाहर आया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन दोनों ने उस पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। पेट्रोल पंप में मौजूद बाकी 2 कर्मचारियों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

घायल अवस्था में योगेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। योगेश मंदिर हसौद के गुजरा गांव का रहने वाला था। वहीं, अनिल गायकवाड़ का इलाज चल रहा है।

CCTV फुटेज की मदद से आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम एक्टिव हुई। मौके और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई।

एसएसपी लाल उम्मेद सिंह का कहना है कि, बाइक की पहचान कर आरोपियों को कुछ घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के पास चाकू और बाइक भी बरामद कर ली गई है।

………………………………….

Related Articles

Back to top button