Uncategorized

शादी में दूल्हे को पकड़ने पहुंची ईडी, मंडप छोड़ भागा:महादेव बेटिंग ऐप मामले में जयपुर के होटल में था आरोपी, दुल्हन से पूछताछ

By Dinesh chourasiya

जयपुर के कूकस स्थित होटल फेयर माउंट में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने रेड की। महादेव बेटिंग ऐप केस में छत्तीसगढ़ रायपुर की ईडी टीम ने ये कार्रवाई की है।

ईडी को महादेव बेटिंग ऐप मामले के आरोपियों के फेयर माउंट होटल में रुके होने की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर ईडी की टीम ने होटल में दबिश देकर छापेमारी की।

ईडी के अनुसार इस केस में वांछित सौरभ आहूजा जयपुर में चोरी छिपे शादी कर रहा था। ईडी चाहती थी कि सौरभ को फेरे होने के बाद पकड़ा जाए। इस वजह से बुधवार सुबह रेड की।

उधर, सौरभ को पता लग गया था कि ईडी उसे पकड़ने पहुंच चुकी है। ऐसे में वो होटल से फरार हो गया। इस केस में प्रणवेंद्र समेत तीन लोगों को पकड़ लिया। उन्हें फ्लाइट से ही रायपुर लेकर गए हैं।

ईडी ने सौरभ की दुल्हन से भी पूछताछ की कोशिश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। वर-वधू पक्ष के लोगों से भी पूछताछ की गई।

कौन है सौरभ आहूजा? भोपाल से जुड़ी सौरभ आहूजा फैमिली ने रायपुर से जुड़े मुख्य आरोपी की दुबई में हुई शादी पार्टी में प्लेन बुक करने में भूमिका अदा की थी। विशेष प्लेन से गेस्ट को दुबई ले जाया गया था।

16 अप्रैल को भी जयपुर में ED ने मारे थे छापे महादेव बेटिंग ऐप मामले में छत्तीसगढ़ से आई ईडी की टीम ने 16 अप्रैल को जयपुर में ड्राई फ्रूट व्यापारी के घर पर छापा मारा था। सोडाला स्थित एपल रेजीडेंसी में व्यापारी भरत दाधीच के फ्लैट पर ईडी की टीम ने सर्च किया था। इसके साथ ही महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े लोगों के 60 ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की गई थी। ये कार्रवाई छत्तीसगढ़, भोपाल (मध्य प्रदेश), कोलकाता (पश्चिम बंगाल), दिल्ली और राजस्थान में एक साथ की गई थी।

ईडी को जयपुर से मनी लॉन्ड्रिंग, क्रिप्टो करेंसी और शैल कंपनियों से जुड़े सबूत मिले थे। इसी आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। जयपुर के कई बड़े व्यापारी भी ईडी के रडार पर हैं, जिनके खाते महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े पाए गए। छापेमारी के दौरान कई डॉक्यूमेंट और डिजिटल सबूत मिले थे।

महादेव बुक अवैध रूप से करोड़ों का लेन-देन करता है महादेव बुक पिछले कुछ सालों में भारत में सबसे बड़े ऑनलाइन सट्टेबाज प्लेटफॉर्म में से एक बन गया है। यह ऐप और वेबसाइट के जरिए अवैध रूप से करोड़ों रुपए का लेन-देन करता है और क्रिकेट, फुटबॉल जैसे खेलों पर सट्टा लगाता है।

इसका नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है। इसमें कई प्रभावशाली लोग भी शामिल हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी पिछले साल इस घोटाले की जांच की थी और कई करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की थी। महादेव बुक से जुड़े कुछ लोगों को अरेस्ट भी किया था।

Related Articles

Back to top button