Uncategorized

CG में उफनती नदी पार करते वक्त बहा युवक,मौत:पुलिया ढहने से आवागमन ठप, बाढ़ में फंसे 3  लोगों ने बचाया

By Dinesh chourasiya

बलरामपुर में बाढ़ की चपेट में आने के दो हादसे सामने आए हैं। पहली घटना गेउर नदी की है जहां नदी को पार करते वक्त बह जाने से युवक की मौत हो गई। युवक मछली मारने गया था। वहीं दूसरी घटना गागर नदी की है जहां नदी में अचानक बाढ़ आने से तीन पहाड़ी कोरवा बच्चे घंटों तक फंसे रहे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

वहीं बचवार मार्ग पर जर्जर पुलिया ढह गई। हादसा तब हुआ जब लोड पिकअप वहां से गुजर रही थी। घटना के बाद से बचवार पटना मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। बता दें कि सरगुजा संभाग में लगातार बारिश के बाद से नदी-नाले उफान पर हैं।

अब सिलसिलेवार पढ़िए दोनों घटनाएं

पहली घटना

जारगिम निवासी में मणिशंकर पैकरा (45 वर्ष) सोमवार को अपने अन्य साथियों के साथ गेउर नदी पार कर मछली पकड़ने के लिए गया हुआ था। दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीण वापस जारगिम आने के लिए निकले, तब तक नदी में बाढ़ आ चुकी थी। उफनती नदी को पार करने के दौरान मणिशंकर पैकरा बह गया। शाम को उसकी लाश नदी किनारे मिली है।

दूसरी घटना

राजपुर क्षेत्र में बारिश के बीच गागर नदी में मछली पकड़ने गए 3 पहाड़ी कोरवा बच्चे घंटों तक फंसे रहे। राजपुर से तीन किलोमीटर दूर उधेनुपुरा के तीन पहाड़ी कोरवा बच्चे नदी में मछली पकड़ने गए थे। अचानक नदी का जल स्तर बढ़ गया तो तीनों बच्चे बीच में ही फंस गए। करीब तीन घंटे बाद नदी का जलस्तर कम हुआ तो बच्चों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया।

Related Articles

Back to top button